
डॉ उमेश प्रताप वत्स
रूस से तेल आदि का व्यापार करने से नाराज ट्रंप ने दबाव बढ़ाने के लिए भारत पर असंगत टैरिफ शुल्क लगा जो धमाका किया था उसकी रंगत एससीओ समिट में प्रधानमंत्री दामोदर दास नरेन्द्र मोदी की धमक के सामने फीकी पड़ चुकी है।
शंघाई सहयोग संगठन की बैठक आज एशिया और विश्व राजनीति के लिए महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है। इस संगठन में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान सहित मध्य एशियाई देशों की सदस्यता होने से इसके निर्णयों का सीधा प्रभाव वैश्विक कूटनीति और क्षेत्रीय संतुलन पर पड़ता है। ऐसे में प्रधानमंत्री दामोदर दास नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति और वक्तव्य इस बैठक की दिशा तय करने वाले तत्व बन जाते हैं।
मोदी जी ने इस मंच पर भारत की वही नीति दोहराई जिसे वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार प्रस्तुत करते आए हैं। पाकिस्तान को विश्व के सामने नग्न करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता तथा विकास में साझेदारी और परस्पर सम्मान पर आधारित बहुपक्षीय सहयोग। उनकी स्पष्ट और दृढ़ आवाज़ ने न केवल भारत के पक्ष को मजबूत किया बल्कि सदस्य देशों को भी यह संदेश दिया कि एशिया के भविष्य की राजनीति भारत की सक्रिय भूमिका के बिना संभव नहीं। मोदी विश्व के वे एकमात्र नेता है जो सामने वाले नेताओं की आंखों से आंखे मिलाकर बहुत आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना बात स्पष्टतः कह जाते है।
एससीओ मीट में मोदी की धमक कई कारणों से उल्लेखनीय रही।
आतंकवाद पर कठोर रुख अपनाते हुए उन्होंने साफ कहा कि सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह संकेत पाकिस्तान जैसे देशों के लिए सीधा संदेश था।
मोदी ने जोर दिया कि एशियाई क्षेत्र की समृद्धि तभी संभव है जब पारदर्शी और पारस्परिक हितों पर आधारित व्यापारिक गलियारे विकसित हों। यह चीन की बेल्ट ऐंड रोड परियोजना पर भारत का वैकल्पिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। जिससे कनेक्टिविटी और व्यापार में नये परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
ऊर्जा और पर्यावरण का महत्व समझते हुए भारत ने ऊर्जा सुरक्षा, हरित ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी की बात रखी।
योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति को साझा धरोहर के रूप में प्रस्तुत कर मोदी ने भारत की सॉफ्ट पावर को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करते हुए अपना रूख स्पष्ट किया।
यद्यपि प्रधानमंत्री मोदी का यह रुख केवल भाषण नहीं था अपितु यह दिखाता है कि भारत अब वैश्विक मंच पर प्रतिक्रिया देने वाला राष्ट्र नहीं बल्कि दिशा देने वाला राष्ट्र बन चुका है। उनकी उपस्थिति ने यह प्रमाणित किया कि आज की अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भारत की अनदेखी संभव नहीं। मोदी का यही कदम 2047 से होते हुए विश्वगुरु के पावन स्थान की ओर जाता दिखाई देता है।
उल्लेखनीय है कि तिआंजिन चीन में आयोजित यह एससीओ समिट मंत्रीस्तरीय बैठक थी।
इसमें सदस्य देशों के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। भारत की ओर से भी समिट में उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल गया। भारत ने अपनी आतंकवाद-विरोधी और आर्थिक सहयोग की नीति यहां तिआंजिन में भी दोहराई।आतंकवाद और कट्टरपंथ पर जोर
देते हुए
मोदी जी ने कहा कि आतंकवाद और कट्टरपंथ एससीओ क्षेत्र की शांति और विकास के लिए सबसे बड़ी बाधा हैं।
उन्होंने सभी देशों से “जीरो टॉलरेंस पॉलिसी” अपनाने का आह्वान किया।
भारत ने सदस्य देशों के बीच सुरक्षित और पारदर्शी व्यापार मार्गों की वकालत की।
चीन की बेल्ट एंड रोड पहल पर भारत ने अपनी असहमति दोहराई। नवाचार और डिजिटल सहयोग
के लिए भारत ने अपना रूख स्पष्ट करते हुए स्टार्टअप्स, डिजिटल पेमेंट सिस्टम और टेक्नोलॉजी को साझा करने की पहल रखी।
एससीओ समिट में प्रधानमंत्री दामोदर दास नरेन्द्र मोदी की धमक इस तथ्य को रेखांकित करती है कि भारत का नेतृत्व दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। आतंकवाद से लड़ाई हो, आर्थिक सहयोग हो या सांस्कृतिक साझेदारी, भारत अब केवल सहभागी नहीं, बल्कि निर्णायक भूमिका निभाने वाला राष्ट्र है। सचमुच, मोदी की आवाज आज विश्व राजनीति में भारत की पहचान की गूंज बन चुकी है।
इससे पहले भी एससीओ की बैठकों में मोदी जी का रुख हमेशा साफ और दृढ़ रहा है। वह सामान्यत: यह बातें दोहराते रहे है, आतंकवाद पर शून्य सहिष्णुता, किसी भी देश द्वारा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद को समर्थन देना अस्वीकार्य है।
मोदी जी ने बहुत ही गंभीरता से सीमा पार आतंकवाद पर चोट करते हुए बिना नाम लिए, पाकिस्तान जैसे देशों को स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद को पनाह और सहयोग देना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में पड़ोसी देशों में साझा सहयोग का बहुत महत्व है। आतंकवाद अब किसी एक देश की समस्या नहीं, बल्कि क्षेत्रीय और वैश्विक शांति का सबसे बड़ा खतरा है।
ड्रोन, साइबर टेररिज्म और नार्को-टेररिज्म जैसे नए रूपों से निपटने के लिए एससीओ देशों के बीच सहयोग की आवश्यकता है। तकनीकी और आर्थिक समर्थन से ही हम एक-दूसरे को मजबूत कर सकते हैं। बार-बार आतंकवाद पर जोर देते हुए मोदी जी का संदेश रहा कि “आतंकवाद को किसी प्रकार का औचित्य नहीं दिया जा सकता और एससीओ देशों को एकजुट होकर इसके विरुद्ध ठोस कदम उठाने ही होंगे।”
आज से पहले विश्व के किसी भी नेता ने आतंकवाद पर लगातार ऐसी चोट शायद ही कभी की हो । मोदी जी के नेतृत्व, उनके वर्चस्व को देखने के बाद भी यदि पाकिस्तान को सबक नहीं मिलता है तो यह उसका दुर्भाग्य है। एससीओ समिट के बाद तो अमेरिका के रणनीतिकार, विदेश नीति को समझने वाले बुद्धिजीवियों को भी लगने लगा है कि ट्रंप ने भारत पर टेरिफ लगाकर जो अनावश्यक दबाव बनाया है उससे किसी भी तरह से अमेरिका का कोई भी हित होने वाला नहीं है। नरेंद्र दामोदर दास मोदी इस एससीओ समिट के बाद पहले से भी अधिक प्रखर व लोकप्रिय होकर विश्व राजनीति के सिर चढ़कर बोल रहे हैं । हर कोई उनको विश्व का करिश्माई लोकप्रिय नेता मानने को खुले दिल से स्वीकार करने को तैयार है।

Dr Umesh Partap Vatas
