
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
आम आदमी पार्टी ने चुनाव की आहट के बाद एक बार फिर पंचकूला का रुख किया है ।पार्टी ने वर्ष के अंत में होने जा रहे पंचकूला नगर निगम के चुनाव के लिए न केवल कमर कस ली है बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि उसने उस हरियाणवी विचार को भी शिरोधार्य कर लिया है जिसमें कहा जाता है कि ‘पहले मारे सो जीते’।

आम आदमी पार्टी में नगर निगम के चुनाव की तैयारी के लिए कुछ दिन पहले पार्टी कार्यालय में एक बैठक कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। इस बैठक में यह तय हो गया था कि 17 अगस्त को पंचकूला के एक सबसे पिछड़ी वार्ड में जनसभा करके चुनाव का बिल्कुल बजाया जाएगा और इस बैठक में मुख्य वक्ता और मुख्य अतिथि हरियाणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता होंगे।

पंचकूला की बैठक में पार्टी के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष राजीव मनोचा सहित सारे प्रभावशाली नेताओं ने हिस्सा लिया था। इन सबको पार्टी की जॉइनिंग कमेटी के चेयरमैन ओमप्रकाश गुर्जर का मार्गदर्शन मिला।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने निगम चुनाव की तैयारी के लिए जो पहली जनसभा आज रविवार को आयोजित की उसके पीछे एक कारण यह भी था कि इस वार्ड में जो गांव बुढनपुर आता है वह पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राजीव मनोचा का भी गांव है ।मतलब पार्टी ने जिला अध्यक्ष के गांव से अपना चुनाव अभियान शुरू किया।

इस जनसभा के मुख्य अतिथि डॉ सुशील गुप्ता ने जोर देखकर कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान आम आदमी पार्टी की नीतियों में ही निहित है। दूसरे राजनीतिक दल मात्र वोट बटोरने के लिए जनता के बीच में जाते हैं। उसके बाद उन्हें जनता के दुख दर्द से कोई सरोकार नहीं होता। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में जनता को शिक्षा और स्वास्थ्य की मुफ्त सुविधा प्राथमिकता के आधार पर प्रदान की। मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की गई और दिल्ली और पंजाब में बिजली तक फ्री देने की व्यवस्था तब की जब इसे विरोधियों द्वारा इलेक्शन स्टंट बताया जाता था। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट गया है। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ना कोई आगे आ रहा है ना जिम्मेदारी ले रहा है ।उन्होंने कहा कि वह जिस वार्ड में खड़े हैं वहां का पार्षद कांग्रेस का है और मेयर भाजपा का। वार्ड में सफाई, पेयजल ,सुरक्षा का दीवाला पिट चुका है कोई खैर खबर लेने वाला नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम आदमी की समस्याओं का समाधान आम आदमी पार्टी को सत्ता में आने से ही हो सकता है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान कर भाजपा और कांग्रेस को नकारने का काम करें।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के पड़ोस में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार कितने शानदार तरीके से अपना काम कर रही है।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश गुर्जर ने भी अपने विचार व्यक्त किये और लोगों का आह्वान किया कि आने वाले समय में झाड़ू के निशान को लक्ष्य बनाकर इस सोच के साथ मतदान करें कि पंचकूला में नए युग की शुरुआत करनी है। उन्होंने भी इस बात पर जोर दिया कि आम आदमी पार्टी ही हर समय जनता के कल्याण में संलग्न रहती है। उन्होंने कहा कि हर समय जनता की सेवा में लगे रहना आम आदमी पार्टी की नीतियों में शामिल है।
इस कार्यक्रम के आयोजक और पार्टी के जिला अध्यक्ष राजीव मनोचा ने उपस्थित जनों का आह्वान किया कि वे आगामी नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएं और पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए उसे ही जिता कर भेजें।
सभा को पार्टी के पूर्व प्रत्याशी प्रेम गर्ग, अम्बाला लोक सभा अध्यक्ष सुरेंद्र राठी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती वीनस मलिक ढाका, पंचकूला के प्रभारी सरदार गुरपाल सिंह ,राहुल भारतीय आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये और चुनाव में पार्टी को मज़बूत करने की अपील की। इस अवसर पर कुछ लोगों ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया ।इन्हें प्रदेश अध्यक्ष श्री गुप्ता ने पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

