गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
बिहार के समस्तीपुर जिले के लगुनियां रघुकंठ गांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 30 साल के सोनू कुमार के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक था. हत्या का आरोप उसकी पत्नी स्मिता झा और उसके ट्यूशन टीचर हरिओम कुमार पर लगा है. पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शूरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात सोनू ऑटो लेकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. अगली सुबह उसका शव घर के भीतर खून से लथपथ अवस्था में मिला. परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में समस्तीपुर पुलिस के डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी स्मिता झा और गांव में ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक हरिओम के बीच अवैध संबंध थे. कुछ दिनों पूर्व मृतक पति सोनू ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद विवाद हुआ और सोनू ने हरिओम को घर आने से मना कर दिया था. मृतक के पिता का आरोप है कि बहू ने अपने प्रेमी और अन्य दो-तीन लोगों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया है. हत्या के पीछे पारिवारिक कलह, अवैध संबंध और बदनामी का डर प्रमुख कारण माने जा रहे हैं. पुलिस सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपीयों से गहन पूछताछ जारी है.
