
धर्मपाल वर्मा
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली। राजनीति विशेषकर कांग्रेस की गतिविधियों में रुचि रखने वाले लोग कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों की सूची का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पर्यवेक्षक 6- 6 नाम के अपने पैनल कई दिन पहले भेज चुके हैं। बड़ी बात यह है कि कांग्रेस के हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद पहले ही बयान दे चुके हैं कि कांग्रेस के इन नए पदाधिकारियों की सूची इसी महीने मतलब जुलाई के अंत तक जारी कर दी जाएगी।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के पैनल में किस जिले से किन-किन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं ,लोग इसका पता लगा चुके हैं ।अब दो सवाल विशेष तौर पर उठ रहे हैं, एक हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा का दबदबा इस मामले में भी कायम रहेगा या नहीं और दूसरा नए जिला अध्यक्षों के चुनाव का व्यवहारिक फॉर्मूला क्या रहेगा।
जहां तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सवाल है जानकार यह मानकर चल रहे हैं कि श्री हुड्डा राजनीति के ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर मौके को
अपने पक्ष में ले जाने में सफल हो जाते हैं खास तौर पर पार्टी के मामलों में। अब भी इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता लेकिन हरियाणा के कांग्रेस के नेताओं को यह मानकर चलना चाहिए कि राहुल गांधी इस मामले में कई अनोखे फैसले ले सकते हैं । एक तो यही है कि जो लोग 6 लोगों के पैनल को पत्थर की लकीर मानकर चल रहे हैं उन्हें यह गलतफहमी हो सकती है क्योंकि राहुल गांधी की इस मामले में अलग ही राय बताई जा रही है। वह कुछ जिलों में छह लोगों के पैनल से बाहर ऐसे लोगों को भी जिला अध्यक्ष बनाने का फैसला कर सकते हैं जिन्हें उपयुक्त समझा जाएगा।
यहां दो बातें और सामने आई है एक यह है कि घोषित पर्यवेक्षकों के अलावा भी पार्टी ने मतलब राहुल गांधी ने अपने स्तर पर खूफिया तरीके से अपनी टीम से भी फीडबैक लिया है । बताया जा रहा है कि उन्हें इस मामले में बहुत ही महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई है।
कुछ पर्यवेक्षक भी यह मान कर चल रहे हैं कि भेजी गई 6 लोगों की सूची से बाहर भी जिला अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया के दौरान किस पर्यवेक्षक की क्या भूमिका रही है ,किसकी कार्यशैली पर किस तरह के सवाल उठे, उसमें कितनी सच्चाई है।
जिन उम्मीदवारों के नाम नीचे से आए हैं उनकी योग्यता, इतिहास, पहचान और छवि पर भी विचार संभव है ।किन किन जिलों में उम्मीदवारों को योजना बनाकर, षड्यंत्र करके बाहर रखा गया है उसकी भी पड़ताल हो सकती है। राहुल गांधी वैसे तो कुछ और राज्यों में भी संगठन पर काम कर रहे हैं परंतु अब उनकी समझ में एक बात आ गई है कि राष्ट्रीय राजनीति में हरियाणा की अलग ही नहीं विशेष भूमिका है इसे भाजपा नेताओं ने पहले ही जान लिया है। वह हरियाणा में अपनी ही तरह का नया संगठन चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब राजनीति से संयास ले लें।
राहुल गांधी हरियाणा में अपने ढंग का संगठन बनाकर पंजाब में भी कांग्रेस के नेताओं को एक खास संदेश देना चाहते हैं।
जानकार इस बात का दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी आने वाले समय में रणदीप सिंह सुरजेवाला और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के मामले में रणदीप को तरजीह दे सकते हैं। भविष्य में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह डा अशोक तंवर को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। लेकिन राहुल गांधी के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अनदेखी करना बहुत कठिन होगा ।इसीलिए वे हरियाणा के संगठन के मामले में काफी संजीदा और गंभीर नजर आ रहे हैं।
इस मामले में सूत्र बता रहे हैं कि जिला अध्यक्षों का फैसला ठीक उसी तरह किया जाएगा जैसे चुनाव के समय टिकटों का किया जाता है। अंतिम फैसले से पहले एक-एक जिले पर, उम्मीदवारों पर खुलकर विचार विमर्श होंगे। नेताओं को अपनी बात कहने का मौका मिलेगा और जरूरी हुआ तो नए उम्मीदवार पर मतलब पैनल से बाहर के उम्मीदवार के नाम पर भी विचार किया जा सकेगा। इन लोगों का कहना है कि इस तरह की संभावना का संदेश राहुल गांधी पहले ही दे चुके हैं। अब देखते हैं इसके लिए बैठक कब होगी।
