
धर्मपाल वर्मा
@ दक्ष दर्पण
पंचकूला।
2024 के विधानसभा चुनाव के समय पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में बहुत लोग यह मानकर चल रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी पंचकूला से पार्टी के विधायक और हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को शायद ही टिकट दे और इसके पीछे 75 वर्ष से ऊपर की उनकी उम्र को आधार बनाया जाता था। हालांकि दक्ष दर्पण ने बार-बार इस बात का दावा किया था कि यह चुनाव निश्चित तौर पर ज्ञानचंद गुप्ता ही लड़ेंगे और उनकी फिटनेस भी उनके काम आ सकती है। यह अलग बात है कि वह चुनाव नहीं जीत पाए और थोड़े से मतों से चुनाव हार गए। अब यदि 2029 में होने वाले विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो अब हम भी यह मानकर चल रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी अगले चुनाव में नए उम्मीदवार के साथ मैदान में आएगी। वह कौन हो सकता है आज हम इसी विषय पर चर्चा करेंगे।
इस सिलसिले में यह कहना बेमानी नहीं हैं कि हम सबको यह मानकर चलना चाहिए कि भविष्य में पंचकूला को प्रदेश की राजधानी के रूप में देखा जा सकेगा। पंचकूला हरियाणा के सभी दलों के नेताओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहा है ।पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंचकूला के विकास और विस्तार को लेकर काफी गंभीर थे और उन्होंने अपने प्रयासों से पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का गठन करके अपने इरादे जाहिर कर दिए थे । वह पंचकूला को फरीदाबाद और गुरुग्राम के समकक्ष लाने का इरादा रखते थे।अभी पंचकूला में बहुत कुछ नया ऐसा होने जा रहा है जो शहर का नक्शा ही बदल कर रख सकता है। इसका श्रेय विकास प्राधिकरण को भी जाएगा।
भविष्य में पंचकूला में ज्ञानचंद गुप्ता की जगह लेने के लिए बहुत लोग प्रयासरत हैं। लेकिन जानकार यह मानकर चल रहे हैं कि जिस तरह पंचकूला में अधिकांश प्रतिष्ठानों में, विभागों में महिलाओं को कुछ कारणों से विशेष तौर पर तैनात करने की एक परंपरा सी बन गई है वैसे ही भाजपा की अगली विधायक भी महिला हो तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी
आज पंचकूला की उपायुक्त, पुलिस उपयुक्त, दोनों महिलाएं हैं इसके अलावा भी बहुत से महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं विशेष तौर पर तैनात हैं। ऐसे में पंचकूला में विशेष तौर पर भारतीय जनता पार्टी महिला को विधायक बनाने की कोशिश करके एक और नई पहल कर सकती है।
राजनीति के जानकार यह मानकर चल रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में अंबाला लोकसभा क्षेत्र में कम से कम 4 और अधिकतम पांच महिलाओं को टिकट देकर इस लोक सभा क्षेत्र को खास बना सकती है ।
पिछले लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने महिला के रूप में अंबाला से बंतो कटारिया को मैदान में उतारा था ।यद्यपि वह चुनाव नहीं जीत पाई।
कालका,अंबाला शहर, अंबाला कैंट, पंचकूला और सढोरा ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं जहां भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों को टिकट दे सकती है। कालका में हाल में भी महिला ही विधायक है। आपको बता दें कि अगले विधानसभा चुनाव में अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र में अनिल विज की जगह हरियाणा सूचना आयोग की आयुक्त नीता खेड़ा को चुनाव लड़ने के लिए कहा जा सकता है। इसी तरह पार्टी यमुनानगर की मेयर श्रीमती सुमन बहमनी को सढौरा या परिसीमन के बाद यमुनानगर जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा सकती है। जैसे सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदन मेयर से सोनीपत के विधायक बने हैं ऐसा ही मौका बहमनी को भी मिल सकता है। वह 2024 के चुनाव में भी टिकट की दावेदार थी।
कालका विधानसभा क्षेत्र में इस समय महिला के रूप में श्रीमती शक्ति रानी भाजपा की विधायक हैं लेकिन वह अंबाला शहर नगर निगम में मेयर रह चुकी हैं। यदि वह खुद चुनाव लड़ना चाहेंगी तो सिटिंग एमएलए के नाते उनका चुनाव लड़ना लगभग तय है लेकिन इस बात की संभावनाएं बताई जा रही है कि राज्यसभा के सांसद और विधायक के पुत्र कार्तिकेय शर्मा कालका से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में भाजपा अंबाला शहर में भी किसी महिला को मैदान में उतार सकती हैं। 2024 में पार्टी अंबाला शहर में जीत नहीं पाई थी।
अब हम पंचकूला में फिर लौट आते हैं और यहां एक खास महिला उम्मीदवार की चर्चा विशेष तौर पर की जानी जरूरी है क्योंकि यह महिला पार्टी में ही नहीं पार्टी हाई कमान तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। नाम है रेखा शर्मा। श्रीमती शर्मा इस समय सांसद हैं ।इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग में चेयरपर्सन के महत्वपूर्ण पद पर रही है। पार्टी की समर्पित, निर्विवाद सर्वाधिक स्वीकार्य और विजनरी नेता है । किसी तरह का दिखावा नहीं करती, अपनी बात को प्रभावी तरीके से कहना जानती हैं।
वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संस्कारित हैं और उन पर पार्टी के बड़े नेता बहुत भरोसा करते हैं। रेखा शर्मा का एक मजबूत पक्ष यह है कि वह अपने काम के प्रति बहुत समर्पित हैं ।अब संसद के रूप में उन्होंने सदन में और दूसरे महत्वपूर्ण प्लेटफार्मों पर बोलते हुए देखा है ।काम पर पूरी तरह से फोकस करना उनकी पहचान है। अत्यधिक रिजर्व और जनता में स्वीकार्य इस महिला नेत्री ने अब पंचकूला में जनता की शिकायतें सुनने का जो सिलसिला शुरू किया है उसे उनके अगले पोलिटिकल स्टेटस की पहल के रूप में देखा जा रहा है। बेशक पंचकूला में आबादी के अनुपात के कारण अग्रवाल समाज को आगे रखने की एक परंपरा सी बन गई है लेकिन इस मामले में भारतीय जनता पार्टी एक बैलेंस बनाकर भी चल सकती है। पार्टी ने संगठन में जिला अध्यक्ष के रूप में अग्रवाल समाज के अजय मित्तल को अधिमान दिया है। इससे पहले इस पद पर ब्राह्मण नेताओं को समायोजित किया जाता रहा है। उधर पंचकूला नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल भी अग्रवाल है ।आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी इसी अपेक्षा के दृष्टिगत दिसंबर में होने जा रहे नगर निगम के चुनाव में यदि फिर से श्री कुलभूषण गोयल या किसी और अग्रवाल को ही आगे लाने का फैसला करेगी तो इससे स्पष्ट हो जाएगा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में रेखा शर्मा ही निश्चित तौर पर पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार होने वाली हैं। यहां आप समझ सकते हैं कि पार्टी ब्राह्मण समुदाय को उचित प्रतिनिधित्व ही नहीं दे रही है बल्कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहनलाल बडोली को मौका देकर सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल बनाकर दिखाया है।
रेखा शर्मा पंचकूला की मूल निवासी हैं और अंबाला लोकसभा क्षेत्र उनकी कर्म स्थली रहा है। उन्होंने यमुनानगर में भी काम किया है वहां पूरे क्षेत्र में कहीं भी वह परिचय की मोहताज नहीं है। श्रीमती शर्मा को कालका विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उस समय विशेष तौर पर नोटिस किया था जब 1993- 94 के उपचुनाव में यह पार्टी प्रत्याशी के लिए काम कर रही थी। इसके बावजूद उन्होंने कभी कालका विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में टिकट आदि में कोई रुचि नहीं ली। वह पंचकूला भाजपा की सचिव और मीडिया प्रभारी रही हैं। रेखा शर्मा के पार्टी में प्रभाव और हस्तक्षेप को लोगों ने उस समय स्वीकार और नोटिस किया जब राज्यसभा के चुनाव में उम्मीदवार के रूप में मोहनलाल बडोली, कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु, ओमप्रकाश धनखड़ सहित एक दर्जन नेताओं के नाम चल रहे थे लेकिन अंतिम क्षणों में रेखा शर्मा का नाम आगे आ गया था। उन्हें जानने वाले इस बात का दावा छाती ठोक कर करते हैं कि विजन, व्यवहार, पहचान और छवि रेखा शर्मा को बहुत आगे ले जाने वाले हैं और पार्टी समय आने पर उन्हें मनोहर लाल नायब सिंह सैनी की तरह बड़ा ब्रेक दे सकती है।

निर्विरोध सांसद चुनी गई थी रेखा शर्मा।
