
दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला: 15 जून 2025
भाजपा मुख्यालय पंचकमल के अटल सभागार में “विकसित भारत का अमृत काल – सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया गया जिसमें पंचकूला के डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, व्यापारी, युवा उद्यमी, शिक्षाविद, समाजसेवी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रोफेशनल मीट की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता उपस्थित रहे।
प्रोफेशनल मीट को सम्बोधित करते हुए राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। देश आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और वह दिन दूर नहीं जब भारत तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा। रेखा शर्मा ने कहा, मोदी सरकार का सेवा, सुशासन और सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ देश की 140 करोड़ जनता की सेवा कर रही है। महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए रेखा शर्मा ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, मातृत्व वंदना योजना, और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे ऐतिहासिक कार्यो ने महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सशक्त बनाया है। रेखा शर्मा ने कहा, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल विकास मिशन, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसे कार्यक्रमों ने युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। मोदी सरकार में आज देश का हर नागरिक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार है।
इस अवसर पर जिला प्रधान अजय मित्तल ने कहा, देश की प्रगति में समाज के प्रबुद्ध एवं बौद्धिक वर्ग की बड़ी भूमिका होती है। समाज को शिक्षित एवं सशक्त करने में शिक्षकों की अहम् भूमिका होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ, विधिक, व्यापार सहित अन्य क्षेत्रो से जुड़े देश के करोड़ो लोग आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी अहम् भूमिका निभा रहे है।
प्रोफेशनल मीट को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मिशन इस बात का प्रतीक है कि मोदी सरकार राष्ट्र की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने इसे भारत की दक्ष, संवेदनशील और निर्णायक विदेश नीति का शानदार उदाहरण बताया।



