
Ankur Saxena/Daksh darpan
समाचार शेयर करें ।
उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के एक मदरसे में कथित तौर पर रेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि मदरसे में एक टीचर के साथ रेप किया गया (Teacher Raped In Madrasa). पीड़िता हाल ही में टीचर के तौर पर मदरसे में नियुक्त हुई थी. रेप का आरोप मदरसा संचालक पर लगा है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था. लेकिन मुखबिर से सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है.
मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला यूपी के बरेली का है. आरोपी का नाम ज़ुबैर है. उसकी उम्र 26 साल है. आरोप है कि आरोपी ने छुट्टी वाले दिन महिला को काम के बहाने बुलाकर घटना को अंजाम दिया. उसने महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और उसका फिर रेप किया.
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला घटना वाले दिन देर रात तक घर नहीं लौटी थी. महिला के पिता उसे ढूंढते हुए मदरसे पहुंचे. वहां उन्होंने अपनी बेटी को बेसुध हालत में पाया. इसके बाद उसे तुरंत पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसके साथ रेप की पुष्टि की.
जानकारी के मुताबिक, बताया गया कि पीड़िता की हालत फिलहाल बेहतर है. वह खतरे से बाहर है. उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है. उधर, पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 376 (रेप) और 328 (ज़हर देकर नुकसान पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया है.
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी ज़ुबैर को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं. मंगलवार 3 जून को आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया था. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं, सोशल मीडिया पर मदरसा संचालक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है.
इससे पहले कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में एक मौलवी के पिता पर छह साल की बच्ची से रेप का आरोप लगा था. पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महफूज को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर किया गया है.
