धनेश विद्यार्थी
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
रेवाड़ी ।
रेवाड़ी के पास चलती ट्रेन से अज्ञात चोरों ने एक परिवार का नकदी वाला हैंड बैग और पर्स चुरा लिया। इनमें 3 मोबाइल व डॉक्यूमेंट भी रखे थे। राजस्थान के जोधपुर निवासी एक परिवार की शिकायत पर रेवाड़ी जीआरपी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जोधपुर शहर की हाईकोर्ट कालोनी निवासी राजकुमार हसवानी ने बताया कि वह परिवार सहित जोधपुर से गुरुग्राम के लिए गाड़ी संख्या 22481 में सफर कर रहा था। रात को लगभग 2 से 2.30 बजे मेरा बेटा जाग रहा था। उसके बाद सो गया। जब उसकी आंख खुली तो रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से गाड़ी चल पड़ी थी।
बाद में जब उसने अपना सामान की जांच की तो उसमें से लाल रंग का लेडीज हैंड बैग और मेरा पर्स चोरी हुआ मिला। लेडीज पर्स में 3 मोबाइल फोन व 1 लाख रुपए कैश रखा था। मेरे पर्स में 5 हजार कैश, 4 क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस था। चोरी की यह घटना रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ के बीच हुई है। पीड़ित ने घटना की सूचना जीआरपी गुरुग्राम को दी, जहां से शिकायत ट्रांसफर होकर रेवाड़ी जीआरपी के पास भेजी गई है।
राजकुमार हसवानी ने बताया कि वह हैंडीक्रॉफ्ट का व्यापारी है। पत्नी काफी समय से बीमार चल रही थी, जिसे दिखाने के लिए वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जा रहे थे। जहां पर जाते समय ही हमारे साथ चोरी की घटना हो गई। वे इलाज के लिए 1 लाख रुपए से अधिक का कैश साथ लेकर गए थे। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि जोधपुर के व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महेंद्रगढ़ से गुरूग्राम के बीच स्टेशन पर लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं।

