
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ : काम धंधे के नाम पर लोग फर्जी और गैर कानूनी काम भी धड़ल्ले से कर लेते हैं। कई बार इस तरह के काम जैसे तैसे पुलिस प्रशासन से साठ गांठ करके भी किए जाते हैं। लेकिन ऐसे लोगों को यह बात कभी भी नहीं भूलनी चाहिए कि यह कहावत भी सार्थक सिद्ध होती है कि सौ दिन चोर के तो एक दिन शाह का भी होता है। यह भी गलती करने वाला व्यक्ति कभी न कभी कहीं ना कहीं पकड़ ही लिया जाता है। इसी तरह का काम फर्जी शादी करने कराने का भी होता है। इस तरह के काम में अपराधी प्रवृत्ति के कई लोग शामिल होते हैं और यह काम बहुत सफाई के साथ जरूरतमंद परिवारों की तलाश करके किया जाता है।
पिछले दिनों इसी तरह का एक मामला डबवाली में उस समय सामने आया जब राजस्थान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय फर्जी शादी ठगी गैंग का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड रेशम सिंह को धर दबोचा। आरोपी को उस समय हिरासत में लिया गया जब वह हरियाणा के सिरसा हाईवे पर गांव डबवाली स्थित डेरा सच कैंटीन में एक शादी समारोह की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचा हुआ था।
मौक़े पर पुलिस आते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने समारोह में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन वह कुछ जवाब नहीं दे पाए। यहां तक उनको लड़की का नाम भी पता नहीं था, जिसकी शादी होनी थी। इस पर पुलिस को शक हो गया। जांच में लड़की का पिता, बिचौलिया और लड़की पक्ष के अन्य लोग भी फर्जी निकले। राजस्थान पुलिस ने हरियाणा पुलिस को सूचना दी। डायल 112 और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद राजस्थान पुलिस आरोपी को पकड़कर अपने साथ ले गई। आरोपी रेशम सिंह पंजाब के बठिंडा का रहने वाला है। पुलिस कार्रवाई के बाद लड़की और लड़के पक्ष को जांच में शामिल किया, पर सच्चाई सामने आते ही पंजाब के मोगा जिला स्थित नवाचंद गांव से आए लड़के का परिवार शादी किए बिना ही दुल्हन की जगह लहंगा लेकर वापस बैरंग लौट गया।
रेशम सिंहः ठगी का मास्टरमाइंड
रेशम सिंह पुत्र बहादुर सिंह, मूल रूप से बठिंडा का निवासी है और हाल ही में वह सुंदर नगर, डबवाली में किराये के मकान में रह रहा था।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कलायत थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने बताया कि आरोपी रेशम सिंह के खिलाफ राजस्थान के बीकानेर जिले के कलायत थाना में मुकदमा नंबर 64, दिनांक 27 मार्च 2024 को दर्ज किया गया था। वह पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसे भगोड़ा (PO) घोषित किया गया था।
पहले भी कई फर्जी शादियां करवा चुका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रेशम सिंह पहले भी कई लोगों की फर्जी शादियां करवा चुका है। शुरू में शादी के चार से पांच दिन लड़की दुल्हन बनकर ससुराल यानी लड़के के घर पर रहती थी। इसके चार से पांच दिन बाद वह गहने या पैसे फरार हो जाती। एक तरह से शादी के नाम पर लाखों रुपए लेकर और शादी के बाद गहने चोरी कर चूना लगाने का काम करता था। शादी के लिए लड़की के माता-पिता या अन्य रिश्तेदार भी फर्जी बनाकर लाता था।
