
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा। dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़: पहरावर में चमके भाजपा के अमर अकबर एंथोनी शीर्षक वाले आज के लेख में मैंने लिखा था कि धीरे-धीरे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सारे बड़े फैसले खुद लेते नजर आने लगेंगे। हरियाणा में जल्दी ही कई बड़े और निर्णायक फैसले होने वाले हैं। आज खबर आई कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाया जा रहा है। इस बात की चर्चाएं कई दिनों से थी कि राजेश खुल्लर की हरियाणा से विदाई होने वाली है और उन्हें दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है। आपको याद होगा कि जब नई सरकार का गठन हुआ तो राजेश खुल्लर को लेकर तब भी विरोधाभासी समाचार सुनने को मिले थे। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने पर भी सवाल उठा दिए गए थे।
यहां एक बात साफ है कि हरियाणा में एक बड़ा पावर सेंटर शायद राजेश खुल्लर की योग्यता को नजर अंदाज करके उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वास पात्र के रूप में देख रहा है। अब उनकी जगह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पसंद के किसी व्यक्ति को आगे लाने की कोशिश हो सकती है। भाजपा की यह परंपरा है कि कई बार नेता जख्म भी दे देते हैं और जख्मों पर मरहम भी साथ साथ लगा देते हैं। 2019 के चुनाव में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की जिद पर सीटिंग कैबिनेट मिनिस्टर राव नरवीर सिंह की टिकट काट दी गई थी लेकिन पार्टी ने राव इंद्रजीत सिंह को एक जोर का झटका धीरे से देते हुए उनकी बेटी की भी टिकट काट दी थी।
हरियाणा की अब की बात करें तो अभी तो यह शुरुआत है । जानकार यह मानकर चल रहे हैं कि अब कई फेर बदल होंगे। महत्वपूर्ण पदों पर खासतौर पर फोर्थ फ्लोर पर मुख्यमंत्री अपनी पसंद के कई लोगों को आगे ला सकते हैं। कईयों की भूमिका बदल सकती है। परफॉर्मेंस का नाम लेकर कुछ की छुट्टी भी की जा सकती है।
पाठकों को बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुरू में पहले झटके में सीआईडी में अपनी पसंद के अधिकारी को आगे लाने का काम इसलिए किया कि वे लोकसभा के चुनाव में सीआईडी की परफॉर्मेंस से संतुष्ट नहीं थे।
आपको यह बताना आवश्यक है कि मौजूदा मुख्यमंत्री जिनके पास गृह मंत्रालय भी है शायद पुलिस में बड़े फेरबदल के पक्षधर हैं। वह चाहते हैं कि पुलिस की कार्य प्रणाली पारदर्शी हो और अधिकारी जनता से मिलने, उनकी समस्याओं का समाधान करने में कंजूसी ना बरतें। मतलब जनता से दूरी बनाकर न चलें। इसलिए निकट भविष्य में पुलिस में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
राजनीति में कुछ चीज नेता के साथ ही बदल जाती हैं ।ऐसे में बड़ी चतुराई और सफाई के साथ फेरबदल किए जाते हैं। एक कहावत है कि राज और खाज खुद करने में ही मजा आता है। निकट भविष्य में यह कहावत चंडीगढ़ में उन सभी जगह चरितार्थ होती देखी जा सकेगी जहां हरियाणा का हस्तक्षेप है। अंत में एक बात शीशे की तरह साफ है कि राजेश खुल्लर ने हरियाणा में अपनी योग्यता का लोहा एक बार नहीं बार-बार मनवाया है। वह हरियाणा की समस्याओं को भी जानते हैं उनका समाधान भी जानते है। राजेश खुल्लर के अभी दिल्ली जाने के आसार कम है। वह सरकार में आज से पूरे 16 विभाग संभाल रहे हैं।
