
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
रतिया (सुनील कुमार)
रतिया के एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर जहरीली गोलियां खा ली। इसके लिए उसने अपनी मां, पत्नी, घर में ही रहने वाले एक व्यक्ति के अलावा तीन अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। गोली खाने के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही डायल-112 की टीम ने उसे देख लिया और रतिया की सीएचसी में पहुंचाया, जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। अब उसका हिसार के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना बुधवार को रतिया में मुंशीवाली नहर के पास की है। युवक ने तीन वीडियो डाली हैं, जिनमें से एक 3 मिनट 34 सेकेंड, दूसरी 1 मिनट 54 सेकेंड और तीसरी 5 सेकेंड की है। पुलिस इन्हीं के आधार पर अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
युवक ने VIDEO में क्या-क्या कहा…
वीडियो नंबर एक – पहली वीडियो में युवक कहता है कि वह गोबिंद ज्ञान सिंह चंदो खुर्द का है। मेरे साथ धक्का हो रहा है। मेरे पास 25-30 एकड़ जमीन है। मेरे साथ जो धक्का हो रहा है, उसके लिए मेरी मां, एक रामू जिम्मेदार है, जो 20-25 साल हो गए, वो मेरा घर खा रहा है। कभी 9 लाख तो कभी 20 लाख तोड़ देता है।
मैं आत्महत्या कर रहा हूं, ये जिम्मेदार हैं। यह मेरे को गालियां निकालता है। हमारे घर में अंदर एसी वाले कमरे में सोता है। मेरी मां, मेरी पत्नी व रामू पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। रिश्तेदारों को पैसा खिला देता है, जिससे वो मेरे खिलाफ हो जाते हैं। मेरे पास करोड़ों की संपत्ति हैं। मेरी जितनी भी आज तक की कमाई है, इसने मेरा घर खा-खाकर खत्म कर दिया। अब परमात्मा को जान देने लगा हूं।
दो-तीन अन्य लोगों के भी नाम लेकर उन पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहा है। बस लास्ट दिन है। एक दिन जान तो देनी है। अब आत्महत्या करने लगा हूं। रामू ने चाचा कश्मीर सिंह के बेटों के साथ भी अनबन करवाई। उनको मैं बहुत प्यार करता हूं, वे मेरे अपना खून है। अंग्रेज सरपंच मेरा आज तक घर बसाता आया है। उसकी मैं बहुत रिस्पेक्ट करता हूं।
वीडियो नंबर दो – दूसरी वीडियो में वह गीत गाते हुए कहता है कि वैरी रोण, लकड़ा भी रोणगी, बंदा तां चंगा सी, मरै पीछे गलां होण गी। यह कहते हुए वह पहले पानी पीता है। फिर दवाई खोलकर दिखाता है। दवाइयों को हाथ में लेकर कहता है कि यह गेहूं में डालने वाली दवाई है। सारे एरिया को मेरे घर के हालात का पता है।
वीडियो नंबर तीन – तीसरी वीडियो महज 5 सेकेंड की है, जिसमें वह लेट कर हाथ में ली हुई गोलियों को मुंह में रखता हुआ दिखता है। इसके बाद वीडियो खत्म हो जाती है।
एसएचओ बोले- पुलिस नहीं ले सकी है बयान
इस संबंध में रतिया शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी युवक उपचाराधीन है। उसके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। उसके बयान लेने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जा सकेगी।
