
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
गुरुग्राम । पहलगाम आतंकी वारदात और आपरेशन सिन्दूर के कारण उत्पन्न देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा 10 मई 2025 को आयोजित किए जा रहे कवि सम्मेलन के आयोजन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट पर्ल चौधरी ने गहरी चिंता और आपत्ति जाहिर की है । उन्होंने कहा जब पूरा देश ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमलों के जवाब में सतर्क और शोकाकुल है, जब हमारे सैनिक सीमाओं पर मातृभूमि की रक्षा में शहीद हो रहे हैं, जब हमारे हरियाणा के पलवल के ही वीर पुत्र दिनेश कुमार शर्मा ने बलिदान देकर देश का मान बढ़ाया है । उस समय गुरुग्राम नगर निगम द्वारा कविता सम्मेलन जैसे मनोरंजनात्मक आयोजन का आयोजन न केवल असंवेदनशीलता है, बल्कि शहीदों के बलिदान का अपमान भी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह कार्यक्रम शायद नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा का बतौर महापौर पहला सार्वजनिक आयोजन है और वह स्वयं इसकी मुख्य अतिथि होंगी। भारतीय सेना की आज की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने पिछले 24 घंटों में उत्तर और पश्चिम भारत में उद्दंडता करने की कोशिश की है जिसमें हमारे देश 16 निहत्थे भारतीयों को पाकिस्तानी गोलाबारी में जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने हरियाणा प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की थी। चंडीगढ़ में ही हमारे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी , बादशाहपुर विधानसभा से विधायक और प्रदेश में मंत्री राव नरवीर सिंह और गुरुग्राम लोकसभा के सांसद एवं केंद्र में मंत्री राव इंद्रजीत सिंह जी की बेटी आरती सिंह राव , कैबिनेट मंत्री भी रहती हैं। प्रदेश के मुख्य सचिव एवं डीजीपी सहित वरिष्ठ आईएएस एवं आईपीएस अधिकारी भी चंडीगढ़ / पंचकूला में ही रहते हैं। क्या यह उचित है कि जब हमारे राजधानी चंडीगढ़ पर भी पाकिस्तानी मिसाइल हमले की कोशिश हो चुकी हो, तब गुरुग्राम की महापौर ऐसे समय में सांस्कृतिक आयोजन की अगुवाई करें?
युद्ध के सायरन और कवि सम्मेलन का सजा रहे मंच
एडवोकेट श्रीमती चौधरी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से सवाल करते कहा है कि गुरुग्राम नगर निगम को मौजूदा हालात की संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाया जाए। महापौर के फैसलों की समीक्षा हेतु पार्टी के किसी जिम्मेदार वरिष्ठ नेता को सलाहकार बनाया जाए, ताकि अनावश्यक विवाद और असंवेदनशील फैसलों से बचा जा सके। प्रस्तावित हास्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम के लिए क्या जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से अनुमति ली गई है, यह सार्वजनिक किया जाए।गुरुग्राम के जिलाधिकारी अजय कुमार, पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा और नगर निगम आयुक्त प्रदीप धईया से भी सवाल किया कि क्या ऐसे कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और अनुमति संबंधीत सभी प्रक्रिया पूरी की गई हैं?
यदि नहीं, तो बिना अनुमति कार्यक्रम प्रचारित करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है? गुरुग्राम के जिलाधिकारी अजय कुमार एक तरफ तो स्वास्थ्य सेवाओं के अधिकारियों को चौकन्ना रहने के लिए कह रहे हैं और दूसरी तरफ गुरुग्राम की महापौर श्रीमति राजरानी मल्होत्रा कविता सुनाने के लिए मंच तैयार करवा रही है आखिर गुरुग्राम नगर निगम में चल क्या रहा है ? एक दिन पहले ही युद्ध जैसे हालात और आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल तक करवाई गई।
युद्ध के मुहाने पर कविता नहीं, सुरक्षा की रणनीति बने
श्रीमती पर्ल चौधरी ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी से आग्रह करते हुए कहा है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और देखें कि जब राज्य सरकार खुद नागरिकों को मॉक ड्रील्स के माध्यम से युद्ध जैसी स्थिति से निपटने की तैयारी करवा रही है। इतना ही नहीं ऑपरेशन सिंदूर के बाद मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायक सिंह सैनी के द्वारा भी अपने सभी कार्यक्रम सहित कर दिए गए हैं । तब गुरुग्राम नगर निगम आमजन को एकत्रित कर कवि सम्मेलन का आयोजन कैसे कर सकता है? कांग्रेस पार्टी ने देश की संवेदनशीलता को समझते हुए “संविधान बचाओ आंदोलन” जैसे सभी बड़े कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। यह देशप्रेम और ज़िम्मेदारी का उदाहरण है। जब देश युद्ध के मुहाने पर हो, तब कविता नहीं, कर्मवीरों के सम्मान और जन सुरक्षा की रणनीति बननी चाहिए।
