
@ दक्ष दर्पण
, नूंह :
शुक्रवार देर रात नूंह जिला में हुई भारी ओलावृष्टि की प्रदेश सरकार जल्द से जल्द गिरादावरी कराकर किसानों को मुआवजा दें। नूंह जिला के नगीना, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना के अलावा इंडरी व पिनगवां क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। इसलिए प्रदेश सरकार इस मामले में जल्द से जल्द संज्ञान लें। उक्त बातें नूंह जिला जननायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नासिर बदरूद्दीन अडबर ने कहीं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की नूंह में ओलावृष्टि से अन्नदाता का बहुत अधिक नुकसान हुआ है। जिसकी प्रदेश सरकार भरपाई कराए। उन्होंने कहा कि सरसों की पकी हुई फसल में 90 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। वहीं गेहूं की फसल भी पूरी तरह लेट चुकी है और गेहूं की फसल में भी ओलावृष्टि के कारण न केवल गेहूं की बालियां पूरी तरह टूट चुकी हैं बल्कि गेहूं की नाली भी टूट कर तहस-नस हो गई है। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए रबी फसल का सीजन एक उम्मीद और खुशहाली का उपहार लेकर आता है क्योंकि इसी सीजन के पश्चात किसान अपनी सरसों तथा घरेलू जरूरत के पश्चात शेष बचने वाली गेहूं की फसल को बेचकर अपने बच्चों की शादियां करने का इंतजाम करते हैं तथा मकान इत्यादि बनाने की योजनाएं बनाते हैं। इस बार इस क्षेत्र के किसानों की सारी योजनाएं, उम्मीदें एवं सपने तहस-नहस हो गए हैं। उन्होंने बताया कि तेज भारी बरसात और नुकसानदायक ओलावृष्टि उन्होंने अपने जीवन में अभी तक नहीं देखी क्योंकि जब आसमान से क़ुदरत का यह कहर गिर रहा था तब मकानों की छत ही नहीं बल्कि गांव के सभी रास्ते कश्मीर की घाटी की तरह सफेद नजऱ आ रहे थे। ऐसे में हरियाणा सरकार व जिला प्रशासन से फसलों का सर्वे करने के पश्चात उचित मुआवजे की मांग की है। ताकि किसानों को कुछ सहायता मिल सके। उन्होंने बताया कि वैसे भी प्रदेश में नूंह जिला सबसे पिछड़े जिलों की श्रेणी में है यहां के 80 प्रतिशत लोग कृषि पर निर्भर है ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार जल्द से जल्द फसलों की गिरदावरी कराकर मुआवजा देने का कार्य करें।
मेरी मांग है कि नूहँ हल्का सहित पूरे जिले की विशेष गिरदावरी कराकर सरकार 50000/- रु प्रति एकड़ मुआवजा राशि मदद स्वरुप दे।
मुख्य रुप से नूंह, पल्ला, सोंख, पलड़ी, नलहड़, सालाहेड़ी, अड़बर, टांई, फिरोजपुर नमक, धांधूका, मन्नाकि, सतपुतियाका, हुसैनपुर, बाबूपुर, टेडकपुर, सलम्बा, राईपुरी, बेंसी, सुडाका, आंधाका, गोलपुरी, केराका, भड़ंगाका, खेड़ा, जोगीपुर, मरोड़ा, शाहपुर नंगली इत्यादि गावों में अधिक नुकसान है।
