
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
बहुत पहले प्राथमिक शिक्षा पाठ्यक्रम में हिंदी की पुस्तक में छात्र-छात्राओं को एक पाठ पढ़ाया जाता था। गोबर में सोना ।जिसमें कृषि और कृषि कार्यों का उल्लेख करते हुए यह समझाने की कोशिश की जाती थी कि किसान के लिए गोबर कितना महत्व रखता है। गोबर से सोना कैसे मिलता है। गोबर किसान की समृद्धि का एक माध्यम है।लेकिन हरियाणा के सिरसा जिले के कालावाली कस्बे में एक परिवार को गोबर में सोना तलाशने के लिए एक सांड की सेवा गाय से भी बढ़कर करनी पड़ रही है। लेकिन शायद अभी सोना मिलने की आस पूरी नहीं हो पाई है। परिवार सांड को कभी चारा खिलाता है कभी गुड़ कभी केले कभी कुछ और कभी कुछ। इसके पीछे का मकसद बड़ा रोचक है। सांड उनके सोने के आभूषण चबा गया है अब पूरा परिवार इस इंतजार में रहता है कि सांड कब गोबर करें और कब उनकी सोना मिलने की हसरत पूरी हो।
अब समझिए कि यह परिवार सांड की सेवा ऐसे क्यों कर रहा है। पता चला है कि एक महिला ने गलती से घर के सोने के कुछ जेवर कूड़े में फेंक दिए। कूड़ा घर के बाहर फेंका गया ।इस कूड़े पर एक सांड की नजर पड़ी और वह सोने के जेवर जिन में एक चैन और कानों के टोपस आदि शामिल थे कूड़े में पड़े फल सब्जी के टुकड़ों के साथ चबा गया। बाद में पता चला कि चार तोले मतलब लगभग 40 ग्राम सोने के जेवर भी गलती से कूड़े में चले गए हैं तो परिवार के लोगों के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। इधर-उधर हाथ पांव मारे लेकिन चारों तरफ अंधेरा ही अंधेरा नजर आ रहा था। परंतु इसी दौरान सीसीटीवी कैमरा खंगाला गया तो यह बात सामने आई कि एक सांड आया, वह सोने के इन आभूषणों को भी चबा गया और चला भी गया। फिर पूरा परिवार उसे सांड को पहचानने और तलाशने में जुट गया ।बड़ी मुश्किल से से
सांड हाथ आया परंतु सांड के पेट में चले गए सोने को हासिल करने का कोई आसान तरीका किसी को नहीं सूझ रहा था ।आखिर उसे घर लाकर न केवल दूध देने वाली गाय की तरह खूंटे से बांध लिया गया बल्कि उसे चारा ही नहीं खिलाया गया बल्कि फल तक खिलाए गए। किसी ने गुड़ खिलाने की सलाह दी तो गुड भी खिला दिया ।
अब सारे परिवार को इस बात की इंतजार रहती है कि सांड गोबर करें और उस गोबर में से उनके सोने के जेवर निकल आए ।समाचार लिखे जाने तक सूचना यह है कि अभी तक गोबर से सोना मतलब सोने के जेवर निकले नहीं है। अब आप देखिए यह नुकसान कोई छोटा-मोटा नहीं है। 10 ग्राम मतलब एक तोला सोने का भाव 85000 बताया जा रहा है और चार तोले का मतलब है 3 लाख से ज्यादा का नुकसान। यह पता नहीं चल पाया है कि इस परिवार को सोने के उनके जेवर मिले हैं या नहीं।
