
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नई दिल्ली ।
बहुजन समाज पार्टी देश में ही नहीं उत्तर प्रदेश में भी लगातार अपनी चमक खोती जा रही है ।लोग यह महसूस करने लगे हैं कि पार्टी की नेता पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती कई मामलों में कानून की मार झेल रही है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के इतने दबाव में है कि पार्टी का नीति निर्धारण भी कुछ इस तरह से करती नजर आती है कि पार्टी के फैसलों से भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक लाभ मिलता नजर आता है। इंडिया गठबंधन से दूर रहना और प्रत्यक्ष परोक्ष इस तरह की चुनावी व्यवस्था करना बसपा की पहचान बनती जा रही है। कई मामलों में ऐसा लगता है कि बसपा वही कर रही है जो भाजपा के काम आ जाता है। लोकसभा के आम चुनाव में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के लगभग 10 उम्मीदवार बसपा के उम्मीदवारों को मिले मतों के रहमो करम पर चुनाव जीत गए थे।
अब पार्टी ने ऐलान किया है कि बसपा अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी ने यह घोषणा तब की है जब उसके वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी रामगोपाल कोरी उपचुनाव लड़ने का फैसला ही नहीं कर चुके थे बल्कि उन्होंने जमकर प्रचार भी शुरू कर दिया था। इस मामले में यह बताना जरूरी है कि राज्य में पिछले दिनों हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने उपचुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए भविष्य में कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था।
वहीं दूसरी ओर बसपा दिल्ली विधानसभा चुनाव पर ही पूरा फोकस कर रही है। पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने बीती 5 जनवरी को दिल्ली में बड़ी जनसभा को संबोधित किया था। वहीं आगामी 12 जनवरी को उनकी दूसरी जनसभा है। दिल्ली चुनाव में बसपा इंडिया गठबंधन के दलों के बीच उठापटक की पोल खोल रही है, ताकि बसपा प्रत्याशियों की जीत की राह को आसान बनाया जा सके। असल में जानकार यह महसूस करते हैं कि बेशक बसपा दिल्ली में चुनाव में जीत के दावे कर रही हो लेकिन सच्चाई यह है कि उसके उम्मीदवारों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगेगी और इसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को होगा।
भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला
बसपा के मैदान से बाहर जाने से मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला होने के आसार बढ़ गए हैं। सपा ने सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजित प्रसाद को टिकट दिया है तो भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी मिल्कीपुर में अपना प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है, जिससे मुकाबला रोचक हो सकता है। बता दें कि कांग्रेस ने मिल्कीपुर उपचुनाव में सपा प्रत्याशी का समर्थन करने का एलान किया है। यहां भी विशेषज्ञ यह मानकर चल रहे हैं कि बसपा के चुनाव न लड़ने का लाभ भी भारतीय जनता पार्टी को ही मिलेगा।
बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने 23 नवंबर को नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ने का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि जब तक चुनाव आयोग फर्जी मतदान रोकने के लिए कोई सख्त निर्णय नहीं लेता है, तब तक बसपा किसी भी उपचुनाव में भाग नहीं लेगी।
