
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला नहीं रहे ।उन्होंने 89 साल की उम्र गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’
उधर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘बड़ी दुखद सूचना प्राप्त हुई है। हमारे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला का निधन, पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए क्षति है। हम ईश्वर से ये ही प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार व उनसे लगाव रखने वाले सभी लोगों को हौसला दे।’
गुरुग्राम के सेक्टर 38 स्थित मेदांता अस्पताल में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने 12:00 बजे अंतिम सांस ली ओम प्रकाश चौटाला को 11:30 बजे अस्पताल में लाया गया था उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा है कि ‘यह बहुत दुखदायी समाचार है। ओम प्रकाश चौटाला जी जिन्होंने इस प्रदेश में बहुत लंबी राजनीति की, जिनका इस प्रदेश में बहुत योगदान है। वे कई बार मुख्यमंत्री भी रहे और वे एक कुशल प्रशासक थे जिनके साथ काम करने का मौका भी मिला।’
दोपहर 3 बजे मुखाग्नि दी जाएगी
डॉक्टरों ने ओम प्रकाश चौटाला की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। कल सुबह 8 से 2 बजे तक सिरसा के तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी।
ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर जेडीयू नेता के.सी. त्यागी ने कहा, उनका निधन लाखों-करोड़ों उनके प्रशंसकों के लिए अपूरणीय क्षति है। आज हरियाणा के किसान बेसहारा हो गए हैं, जब उनको चौटाला जी के नेतृत्व और निर्देशन की सबसे ज्यादा आवश्यकता थी।’

