
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली। पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया था कि दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन नहीं हो रहा है। इस बात की पुष्टि कांग्रेस की तरफ से भी हो गई है क्योंकि पार्टी ने दिल्ली चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है और एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए घोषणा की है कि कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित अरविंद केजरीवाल के मुकाबले उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों के नाम की एक सूची भी जारी कर दी है। आज ही संपन्न सीईसी की बैठक के बाद यह सूची जारी की गई है।
कांग्रेस ने नरेला से अरुणा कुमारी, बुराड़ी से मंगेश त्यागी, आदर्श नगर से शिवांक सिंघल, बादली से देवेंद्र यादव, सुल्तानपुर माजरा से जय किशन, नागलोई जाट से रोहित चौधरी, सलीमगढ़ से प्रवीन जैन को टिकट दिया है. वहीं, वजीरपुर से रागिनी नायक, सदर बाजार से अनिल भारद्वाज, चांदनी चौक से मुदित अग्रवाल, बल्लीमारान से हारून यूसुफ, तिलक नगर से पीएस बावा, द्वारका से आदर्श शास्त्री, नई दिल्ली से संदीप दीक्षित को टिकट दिया है।
कस्तूरबा नगर से अभिषेक दत्त, छतरपुर से राजेंद्र तंवर, अंबेडकर नगर से जय प्रकाश, ग्रेटर कैलाश से गार्वित सिंघवी, पटपड़गंज से अनिल कुमार, सीलमपुर से अब्दुल रहमान और मुस्तफाबाद से अली मेहदी को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में दिल्ली के शीर्ष नेताओं और सीईसी सदस्यों ने प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की और 21 उम्मीदवारों को मंजूरी दी ।बैठक में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, अंबिका सोनी, सलमान खुर्शीद, टी एस सिंह देव और मधूसूदन मिस्त्री मौजूद थे.
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के सीलमपुर ने कांग्रेस ने अब्दुल रहमान को टिकट दिया है. वह आम आदमी पार्टी छोड़कर कुछ दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। रहमान यहां से मौजूदा विधायक हैं. इस बार आम आदमी पार्टी ने उनका टिकट काटकर जुबैर अहमद को दिया है. जुबैर कांग्रेस छोड़कर आप में गए थे.
बता दें कि कांग्रेस और आप पहले चुनाव पूर्व गठबंधन के विचार पर विचार कर रहे थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल खुले तौर पर कह रहे हैं कि वे दिल्ली चुनाव अकेले लड़ेंगे और कोई गठबंधन नहीं होगा. आम आदमी पार्टी ने अब तक दिल्ली चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा पहले ही कर दी है। आम आदमी पार्टी शेष उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही करने वाली है।

