@दक्ष दर्पण
शिमला।
जहां हरियाणा में शरद ऋतु की पहली बरसात हुई वहीं हिमाचल प्रदेश में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने के बाद अब प्रदेश में वर्षा होने की संभावना भी बढ़ गई है। अब हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में दो से पांच डिग्री की गिरावट की खबर है।
रविवार को दोपहर बाद से बरसात के हालात बने हुए थे सायंकाल शिमला शहर में भी बर्फबारी शुरू हो गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला से आगे नारकंडा, कुफरी व चौपाल, सिरमौर के नौहराधार, चूड़धार व चिंजाह के साथ लगते क्षेत्रों में भी पहला हिमपात हुआ है। लाहुल घाटी के साथ-साथ शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम दर्रा सहित रोहतांग में तीन से चार इंच हिमपात हुआ है।
मंडी जिले के शिकारी देवी व कमरूनाग तथा चंबा जिले की पांगी घाटी में भी बर्फ पडने की खबर है। पांगी मुख्यालय किलाड़ में डेढ़ इंच तथा ऊपरी क्षेत्रों चस्क भटोरी, परमार भटोरी, साच भटोरी व साथ लगते अन्य क्षेत्रों में चार से पांच इंच तक हिमपात हुआ है।
रविवार को दिन की शुरुआत धूप खिलने से हुई थी लेकिन दोपहर के समय मौसम ने करवट बदली और बादल छाने के बाद कई स्थानों पर हिमपात हुआ।
प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के ताबो में -13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नव वर्ष और क्रिसमस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में आने वाले सैलानियों की संख्या में काफी वृद्धि होने के आसार बन गए हैं।

