@ दक्ष दर्पण
हिसार : गांधीवादी चिंतक, सर्वोदय कार्यकर्ता, पूर्व विधायक एवं हरियाणा खादी व ग्रामोद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष जयनारायण वर्मा की 90वीं जयंती के उपलक्ष्य में हिसार के सर्वोदय भवन में 8 दिसंबर को श्रद्धांजलि व स्मृति सभा का आयोजन किया जाएगा। श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सायं 4 बजे आयोजित होने वाली इस सभा में प्रसिद्ध समाजसेवी व भीख नहीं किताब दो की अध्यक्ष अन्नु चीनिया को छठे जयनारायण वर्मा सम्मान- रजतपत्र से अलंकृत किया जाएगा। इस दौरान नलवा के विधायक चौ. रणधीर पनिहार मुख्यातिथि होंगे जबकि प्रमुख समाजसेवी व व्यवसायी राजेंद्र श्योराण गावडिय़ा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी व व्यवसायी संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंधक शैलेश वर्मा, महासचिव एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल व कोषाध्यक्ष पटेल सिंह स्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि स्वर्गीय जयनारायण वर्मा ने हमेशा अन्याय का विरोध करते हुए वंचित समाज के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के उपरांत भूदान आंदोलन, सर्वोदय समाज, खादी व कुटीर उद्योग बोर्ड/आयोग व पिछड़ी जाति आयोग में प्रतिष्ठित पदों पर कार्य किया। इसके साथ-साथ उन्होंने पिछड़ों के कल्याणार्थ विभिन्न आंदोलनों का सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया।
श्रद्धांजलि एवं स्मृति सभा के दौरान सर्वोदय भवन के संरक्षक एडवोकेट पी. के. संधीर, प्रबंधक धर्मवीर शर्मा, सभा संचालक डॉ. महेंद्र सिंह, सह संचालक सत्यपाल शर्मा व प्रेस प्रवक्ता बनी सिंह जांगड़ा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े सदस्यगण उपस्थित रहेंगे।
जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट कर रहा सराहनीय कार्य
पूर्व विधायक जयनारायण वर्मा के कार्यों, जीवन आदर्शों व मूल्यों को सुरक्षित व संरक्षित रखने एवं प्रेरणा हेतु उनकी स्मृति में वर्ष 2007 में श्री जय नारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट का गठन किया गया। यह ट्रस्ट समाज उत्थान की गतिविधियों, जरूरतमंदों की सहायता व धर्मार्थ गतिविधियों का निरंतर संचालन कर रहा है। इसके साथ-साथ जनहित के कार्यों व जन-जागरण में विशिष्ट भूमिका निभाने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया जाता है।
अब तक पांच हस्तियों को मिला जयनारायण वर्मा सम्मान-रजतपत्र
श्रेष्ठ सामाजिक व रचनात्मक कार्यों के लिए वर्ष 2019 में आर्यनगर गुरुकुल के कुलपति रामस्वरूप शास्त्री, वर्ष 2020 में दयानंद महाविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह, वर्ष 2021 में गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष रामचंद्र राही, वर्ष 2022 में प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. मदन मोहन जुनेजा एवं वर्ष 2023 में समाजसेवी विजय कौशिक को जयनारायण वर्मा सम्मान- रजतपत्र से अलंकृत किया जा चुका है। इसी कड़ी में इस वर्ष अन्नु चीनिया को सम्मानित किया जाएगा।
अन्नु चीनिया कर रही निर्धन बच्चों के लिए श्रेष्ठ कार्य
भीख नहीं किताब दो संस्था की अध्यक्ष अन्नु चीनिया निर्धन, कमजोर व झुग्गी-झोपड़ी वालों की आवाज को बुलंद कर रही हैं। बच्चों को भीख मांगते देख उनमें संवेदनशील भाव जागृत हुआ और उन्होंने ऐसे बच्चों को एकत्र करके शिक्षित करना शुरू कर दिया। इस प्रयास से बच्चों ने जहां भीख मांगना छोड़ दिया, वहीं वे शिक्षा के मार्ग पर अग्रसर होने लगे। समाजसेवियों के सहयोग से एवं तलवंडी राणा के तत्कालीन सरपंच व समस्त पंचायत ने ऐसे बच्चों को पढ़ाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाई और छात्रावास का संचालन शुरू हो गया। अब तलवंडी राणा स्थित छात्रावास में काफी संख्या में निर्धन बच्चे समुचित शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जा रहा है।

