
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
करनाल। करनाल कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है। पत्र में कांगे्रस नेता ने कहा है कि करनाल 10 वर्षों तक सीएम सिटी रहा है, खेद की बात है कि इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बद से बदत्तर होती चली गई। सैकड़ों करोड़ की लागत से बना कल्पना चावला मेडिकल कालेज सफेद हाथी बनकर रह गया। यहां आने वाले मरीजों को केवल रेफर करने का काम किया गया। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि करनाल के सिविल अस्पताल में पिछले आठ महीनों से पीएमओ नहीं हैं। इससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब अस्पताल में निगरानी रखने वाले अधिकारी ही नहीं होगा तो समझा जा सकता है कि वहां के कर्मचारी कैसा काम कर रहे होंगे। सीएम को लिखे पत्र में कांग्रेस नेता ने करनाल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी उठाया है। विशेषज्ञों डॉक्टरों की कमी की वजह से करनाल के लोगों को अपना इलाज करवाने के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ जाना पड़ता है। कल्पना चावला मेडिल कालेज में बड़ी-बड़ी मशीनें धूल फांक रहीं है, क्योंकि उन्हें चलाने के लिए अधिकारी और कर्मचारी नहीं हैं। स्टॉफ की भी भारी कमी है। त्रिलोचन सिंह ने कहा है कि कांग्रेस जनता की आवाज उठाने के लिए सडक़ों पर उतरेगी। मुख्यमंत्री संज्ञान लें और करनाल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने का काम करें।
