
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
मुंबई।
दिवाली से पहले मुंबई के निकट के शहर नवी मुंबई में एक किरियाना स्टोर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर है। यह हादसा बुधवार को उलवे में उसे समय हुआ जब एक दुकान में सिलेंडर के धमाके से भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार नवी मुंबई के उल्वे में बुधवार रात 8 बजे के करीब एक स्टोर और एक घर में भीषण आग लग गई। इस दौरान तीन गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ। इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों सहित परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। जिस जनरल स्टोर में आग लगी वह रमेश की बताई जा रही है। रमेश भी आग की चपेट में आने से घायल हुआ है और उसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना में रमेश की पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई।
