
दक्ष दर्पण समाचार सेवा चण्डीगढ़ ,
जगाधरी नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष समाजसेवी दर्शन खेड़ा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए उनका ध्यान नशे और नशे के व्यापार और उस से हो रहे नुकसान की और दिलाते हुए इसे नियंत्रित करने की मांग की है। उन्होंने और उनके पुत्र दीक्षांत खेड़ा ने संयुक्त रूप से इस चलन के विरुद्ध मजबूत इच्छा शक्ति का परिचय देने और इस पर रोक लगाने के लिए प्रयास करने की मांग की है।
श्री खेड़ा और उनके पुत्र दीक्षांत खेड़ा एडवोकेट ने पत्र में लिखा है कि यह चिंता का विषय है कि स्कूलों के बाहर भी स्मैक जैसे घातक मादक द्रव्य की बिक्री निर्बाध रूप से जारी है ।पुलिस इस मामले में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है । जिसकी सख्त जरूरत है और यह काम सरकार की मजबूत इच्छा शक्ति और ठोस प्रयासों के बिना संभव नहीं है। खेड़ा पिता पुत्र ने पत्र में कहा है कि पुलिस के पास नशे के आदी लोगों की पूरी जानकारी है और यह संभव नहीं कि उसे नशे के व्यापार से जुड़े लोगों की जानकारी ना हो। पत्र में इस बात पर भी चिंता व्यक्त की गई है कि नशे के आदी हो चुके लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों और डॉक्टरों का भी अभाव बना हुआ है। इस पर गौर करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री सैनी नशे के प्रयोग और बिक्री पर रोक लगाने या हरियाणा में इसका प्रचलन बंद करने में सफल हो गए तो उन्हें यश तो मिलेगा ही ,उनका नाम हरियाणा के कल्याण कारी मुख्यमंत्री के रूप में इतिहास में दर्ज हो जाएगा।
