दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के एडवोकेट एवं राजनीतिक विचारक सीलक राम हुड्डा ने कहा है कि कांग्रेस के नेता फिजूल में ईवीएम मशीनों और मतदाताओं को दोष दे रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि जनादेश कांग्रेस के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कम मतों से हारे उनके उम्मीदवारों की आड़ लेकर मतों की दोबारा गिनती की मांग कर रहे हैं लेकिन वह यह भूल रहे हैं कि ऐसी ही मांग भारतीय जनता पार्टी भी तो कर सकती है।
क्योंकि कांग्रेस के भी 7 उम्मीदवार थोड़े मार्जिन से चुनाव जीते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की यह मांग है कि चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में मतों की गिनती दोबारा हो तो भारतीय जनता पार्टी भी यह मांग कर सकती है कि पंचकूला, सढौरा, थानेसर, बरोदा ,लोहारू और फतेहाबाद आदि विधानसभा क्षेत्रों में भी मतों की गिनती दोबारा हो। श्री हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र और लोकतंत्र की व्यवस्थाओं में भी यकीन रखना चाहिए। कांग्रेस देश भर में चुनाव हारती आ रही है। लेकिन जब कांग्रेस जीतती है तब ईवीएम का सवाल नहीं उठाया जाता लेकिन हार जाती है तो फिर ऊल जलूल बातें की जाती है तो इससे मतदाताओं का और लोकतंत्र की व्यवस्थाओं का अपमान होता है।
