दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नारायणगढ़ 28 जुलाई
: हर जिला में 1-1 मेडिकल कॉलेज देने की बात करने वाली भाजपा सरकार दस साल में सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह डॉक्टर भी नहीं दे सकी। आज पूरे हरियाणा के सरकारी अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों को परेशान किया जा रहा है। उनकी मांगों को माना नहीं जा रहा। मजबूर होकर डॉक्टरों को हड़ताल पर जाना पड़ रहा है।
यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक मेहता ने कही।
वे आज हरियाणा मांगे हिसाब के अंतर्गत विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बरसुमाजरा में 2 जगह, नबीपुर, चमेल माजरा, गदौली, पंजलासा, लखनोरा आदि गांवों का दौरा किया और लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं और भाजपा के पिछले 10 साल के कुशासन पर लोगों को जानकारी दी।
गांव गदौली में लोगों ने अशोक मेहता को बताया कि गांव में बस सर्विस न होने के कारण छात्राओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव से एक सरकारी बस सुबह के समय विद्यार्थियों के लिए। हलनु चाहिए। इसके अलावा सड़को का भी बुरा हाल है। अशोक मेहता ने ग्रामीणों को बताया कि इस समय प्रत्येक गांव की सड़कों का बुरा हाल है। सरकार का इस और कोई ध्यान नहीं हैं।
उन्होंने लोगों को बताया कि आम लोगों के जीवन की मुख्य 2 मूलभूत आवश्यकताएं हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा। भाजपा सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों को बर्बाद करके रख दिया है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है और सरकारी स्कूलों में टीचरों की। ऐसे में लोगों को ना स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है और ना शिक्षा सुविधा का। गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों का आज गुजारा करना बेहद मुश्किल हो गया है।
अशोक मेहता ने लोगों को बताए कि भाजपा के मंत्री बड़े बड़े दावे करते थे कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोल दिए जायेंगे लेकिन दावों के विपरीत जो सरकारी अस्पताल हैं उनमें ही भाजपा सरकार डॉक्टर देने ने नाकाम रही है। 80 प्रतिशत केसों में मरीज को रेफर किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में कोई भी सुविधा नहीं दी गई, जांच के लिए कोई आधुनिक मशीनें नहीं हैं। जो हैं वे पड़ी पड़ी खराब हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों को भी बंद करने का षडयंत्र यह सरकार रच रही है इसलिए पहले इन्होंने जेबीटी कोर्स बंद किया और सरकारी स्कूलों में नियुक्त ना के बराबर की। नतीजा यह निकला कि सरकारी स्कूल बर्बादी के कगार पर हैं। नौजवान हताश है। उसे अपने भविष्य की चिंता है। पक्की नौकरियां समाप्त की जा रही हैं। अग्निवीर और कौशल रोजगार में कच्ची नौकरियां देकर नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। देश के नौजवानों के भविष्य को अंधकार की ओर धकेला जा रहा है। चाहे अध्यापक हों, नर्स, किसान, सरपंच, अन्य कर्मचारी अथवा अन्य वर्ग, सभी को बुरी तरह से परेशान किया जा रहा है। विरोध करने पर उन पर लाठियां बरसाईं जा रही हैं, गोलियां चलाई जा रही हैं। सभी वर्गों पर अत्याचार किए हैं भाजपा सरकार ने।
अशोक मेहता ने बताए कि आज हरियाणा में जनता को तंग करने के लिए सरकारी पोर्टल व फैमिली आईडी बनाए गए हैं। इनकी आड़ में भ्रष्टाचार आसमान तक पहुंच गया है। लोग परेशान हो चुके हैं लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
इस दौरान वीरेंद्र सैनी, सतपाल सैनी ,हर्ष सैनी, मनदीप सैनी, प्रकाश चंद सैनी, सौरभ, विनोद कुमार, मुकेश सैनी, सिम्मी, रणधीर, अशोक कुमार, आकाश, परमजीत सैनी आदि विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता अशोक मेहता के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए।

विभिन्न गांवों में हरियाणा मांगे हिसाब के अंतर्गत लोगों को भाजपा सरकार की नाकामी बारे लोगों जागरूक करते अशोक मेहता।

लोगों को संबोधित करते अशोक मेहता
