
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
भिवानी, 21 जुलाईः 10 साल से विपक्ष में होते हुए भी कांग्रेस आजतक अपने कामों के नाम पर वोट मांग रही है। जबकि 10 साल से सत्ता में होते हुए भी बीजेपी के पास गिनवाने लायक एक भी काम नहीं है। इसीलिए बीजेपी अपने कामों का हिसाब देने से भाग रही है और उल्टा कांग्रेस से जवाब मांग रही है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी हास्यास्पद राजनीति हुई है कि सरकार में बैठी पार्टी, विपक्षी दल से हिसाब मांग रही हो। यह विचार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप सिंह ने रविवार को कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए व्यक्त किए। संदीप सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए और विपक्ष में होते हुए भी हमेशा अपने कामों का हिसाब दिया है। क्योंकि हमारी सरकार ने हरेक क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बात करें तो कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में एक नया स्वास्थ्य विश्वविद्यालय, 6 नए मेडिकल कॉलेज (करनाल, मेवात, खानपुर, महेंद्रगढ़, भिवानी, फरीदाबाद), एम्स-2 और बाढ़सा में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट बनवाया। साथ ही एम्स-2 में 10 राष्ट्रीय सुपर स्पेशियलिटी संस्थान मंजूर करवाए। साथ ही कांग्रेस ने 641 नए ग्रामीण अस्पताल बनवाए सीपीसी व पीएचसी बनवाए।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान महेंद्रगढ़ में केंद्रीय विश्वविद्यालय, अलग-अलग जिलों में 12 नए सरकारी विश्वविद्यालय, 154 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज, 56 नए आईटीआई, 4 नए सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए गए। सोनीपत में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थापित करवाई, जिसमें देश के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान स्थापित हुए। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नाम पर लॉ यूनिवर्सिटी बनवाई गई। भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी कांग्रेस सरकार द्वारा करवाया गया।
लेकिन बीजेपी ने पूरे 10 साल में एक भी केंद्रीय विश्वविद्यालय, कोई बड़ा सरकारी विश्वविद्यालय, प्रतिष्ठित पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई या इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं खोला। उन्होंने कहा कि रोजगार की बात करें तो कांग्रेस सरकार के दौरान 2 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गईं थीं। प्रदेश में सर्वाधिक निवेश से रिकार्ड रोजगार सर्जन किया गया और सरकारी विभागों से ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की नीति बनाई गई। उस समय हर साल फौज में हरियाणा से 5500 सैनिकों की पक्की भर्तियां भी होती थीं। लेकिन बीजेपी सरकार में 2 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं। संदीप सिंह ने कहा कि गरीब, एससी व ओबीसी कल्याण की बात करें तो कांग्रेस ने लगभघ 4 लाख परिवारों को सौ-सौ गज के मुफ्त प्लाट दिए थे। साथ ही 3.5 लाख गरीब व एससी परिवारों को मुफ्त मकान दिए गए थे। 20 लाख गरीब स्कूली विद्यार्थियों को वजीफा देने और मनरेगा के तहत देश में सबसे ज्यादा मजदूरी देने का काम भी उसी सरकार में हुआ था। संदीप सिंह ने किसान कल्याण का जिक्र करते हुए बताया कि कांग्रेस ने किसानों के 1600 करोड़ के बिजली बिल व 2200 करोड़ का खेती का कर्जा माफ किया था। भविष्य के लिए किसानों को शून्य ब्याज दर पर फसली ऋण देने की योजना भी कांग्रेस की देन है। कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों को कभी आंदोलन नहीं करना पड़ा था। जबकि बीजेपी ने एक भी किसान का बिजली बिल व कर्जा माफ नहीं किया।
संदीप सिंह ने कहा कि दोनों सरकारों के 10-10 साल के कामों का आंकलन किया जाए तो कांग्रेस की उपलब्धियों और बीजेपी की नाकामियों की लंबी फेहरिस्त बनती है। ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत कांग्रेस दोनों ही फेहरिस्त जनता के बीच लेकर जा रही है। अगर बीजेपी के पास बताने लायक कोई उपलब्धि है तो उसे सामने आकर जवाब देना चाहिए।
