
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नई दिल्ली।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग केंद्र सरकार ने खारिज कर दी है। जदयू सांसद रामप्रीत मंडल के सवाल पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा राष्ट्रीय विकास परिषद (NDC) के पैमानों के मुताबिक दिया जाता है। इनमें पहाड़, दुर्गम क्षेत्र, कम जनसंख्या, आदिवासी इलाका, अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर, प्रति व्यक्ति आय और कम राजस्व जैसे मानक शामिल हैं। बिहार में राजद और जदयू समेत कई पार्टियां विशेष राज्य के दर्जे की मांग उठाती रही हैं। बिहार में भाजपा और जदयू की साझा सरकार है, लिहाजा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने नीतीश का इस्तीफा मांगा है। दिल्ली में उन्होंने कहा- नीतीश कुमार ने कहा था कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएंगे। इसलिए अब उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
