
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल शनिवार को पंचकूला सेक्टर 5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आएंगी। जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के अंबाला लोकसभ अध्यक्ष सुरेंद्र राठी ने बताया कि सुनीता केजरीवाल इंद्रधनुष आडिटोरियम आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से रुबरु होंगी। उनके साथ आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता जी, सांसद संजय सिंह व सांसद संदीप पाठक,वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, उपाध्यक्ष बलबीर सैनी जी भी होंगे। सुरेंद्र राठी ने कार्यकर्ताओं से बढ़चढ़ कर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। सुरेंद्र राठी ने कहा कि हरियाणा में अब जनता बदलाव चाहती है और सबसे बड़ी बात यह है कि केजरीवाल साहब हरियाणा से हैं। लोग आशा कर रहे हैं कि जब केजरीवाल ने देश की राजनीति बदल दी है तो हरियाणा में बदलाव क्यों नहीं। ‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल’ से लोगों को जागरुक करेंगे। सुरेंद्र राठी ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि पिछले 10 साल से भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। 10 साल में इस सरकार ने हरियाणा को क्या दिया। हरियाणा फिरौती का गढ़ बन गया है। सड़कों पर गोलियां सरेआम चल रही है। किसानों को रौंदा गया। हरियाणा में बहुत से घर शहीदों के मिल जाएंगे और आप अग्निवीर लेकर आ रहे हो। चार साल की ठेके की नौकरी दे रहे हो। अग्निवीर योजना वापस होनी चाहिए। किसानों और बेरोजगारी का बहुत बड़ा मुद्दा है। अपराध बढ़ता जा रहा है। आज हरियाणा को आम आदमी पार्टी की जरूरत है। हमने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया। बिना भ्रष्टाचार के नौकरियां दी। कहीं कोई पेपर लीक नहीं हुआ। शिक्षा व्यवस्था बेहतर की।
