
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़ जब हरियाणा बना तब सात जिले रोहतक, जींद ,हिसार, महेंद्रगढ़, गुड़गांव, अम्बाला और करनाल होते थे ।अब जिलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। एक तरह से हर जिले के तीन नए जिले बन गए हैं ।देखा जाए तो हरियाणा का हिसार ऐसा जिला है जिसमें से भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, तीन जिले पहले ही बन चुके हैं । देखा जाए तो चौथा जिला चरखी दादरी भी पुराने हिसार का ही हिस्सा है। पांचवा हांसी और छठा डबवाली भी जिले बन सकते हैं। क्योंकि यह दोनों पुलिस जिले के रूप में पहले ही अस्तित्व में हैं। यहां जिस दिन एसडीएम से ऊपर उपायुक्त भी बैठने लगेंगे यह उसी दिन जिले बन जाएंगे और कहेंगे कि एक हिसार जिले में से 6 जिले बन गए हैं । मजे की बात यह है कि आज भी हिसार हरियाणा का सबसे बड़ा जिला है जिसमें सात विधानसभा क्षेत्र हैं ।जबकि चरखी दादरी और पंचकूला ऐसे जिले हैं जिनमें केवल दो-दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
अब हम बात करते हैं रोहतक जिले की। जिसमें से झज्जर और सोनीपत जिले बनाए जा चुके हैं।

कबीर जयंती के उपलक्ष में गोहाना में आयोजित एक प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आश्वासन दिया है कि सोनीपत से अलग करके नया जिला गोहाना बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए कमेटी बनाई जा चुकी है और नॉर्म्स पूरे होते ही जिले की घोषणा कर दी जाएगी।
वैसे तो यह मांग बहुत पुरानी है लेकिन गोहाना को जिला बनाया जाएगा या यह केवल राजनीतिक या चुनावी स्टंट है, यह वक्त बताएगा। गोहाना उपमंडल को जिला बनाने की मांग बहुत पुरानी है। गोहाना झज्जर जितनी पुरानी तहसील है लेकिन झज्जर को जिला बने 30 साल से भी ज्यादा हो गए हैं।
2000 के दौर में जब ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा के मुख्यमंत्री होते थे तो जनता की मांगको देखते हुए गोहाना में उनसे पत्रकारों ने सवाल किया था कि क्या गोहाना को जिला बनाया जाएगा तो इस पर ओम प्रकाश चौटाला ने पलट कर जवाब दिया कि यदि गोहाना को भी जिला बनाना पड़ गया तो फिर मुझे अपने गांव चौटाला को सब डिवीजन बनाना पड़ेगा। परंतु मांग को देखते हुए शायद श्री चौटाला भी आज गोहाना को जिला बनाने का समर्थन करेंगे लेकिन सवाल उठता है कि गोहाना जिला बनेगा कैसे! मुख्यमंत्री जिस नार्म्स बात कर रहे हैं उसमें एक यह भी है कि किसी भी जिले में कम से कम दो उप मंडल होने चाहिए लेकिन गोहाना खुद में एक अकेला उप मंडल है। गोहाना में ऐसी कोई पुरानी तहसील भी नहीं है जिसे उपमंडल बना दिया जाए। इस समय गोहाना के साथ दूसरा उपमंडल कौन सा जुड़ेगा। सोनीपत जिले का गन्नौर या खरखोदा! या फिर इससे हटकर जींद का जुलाना या सफीदों या फिर पानीपत का इसराना जो कुछ दिन पहले ही अस्तित्व में आया है। अब इनमें से किसी भी उपमंडल को गोहाना के साथ जोड़ा गया तो नहीं लगता इन क्षेत्रों के लोग गोहाना जिले में शामिल होने को आसानी से तैयार हो जाएंगे। हो सकता है उपरोक्त उप मंडलों में इसके विरोध में आंदोलन ही शुरू हो जाए ।हम यह व्यावहारिक बात कर रहे हैं क्योंकि घोषणा से पहले जनता की अपेक्षाओं और इच्छाओं को नजरअंदाज करना ठीक नहीं होता। यदि वास्तव में सरकार गोहाना को जिला बनाना चाहती है तो उसे जींद के जुलाना या सफीदों को गोहाना में से जोड़ने पर विचार करना होगा। लेकिन इससे पहले इन क्षेत्रों के लोगों की सहमति जरूरी है। इसके लिए जरूरी हो तो सफीदों क्षेत्र का पुनर्गठन भी हो सकता है जिसमें कुछ गांव जींद में तो सफीदों शहर सहित कुछ गांवों को गोहाना में जोड़ने का प्रस्ताव सिरे चढ़ाया जा सकता है लेकिन इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। सफीदों का कुछ क्षेत्र रेलवे मार्ग से गोहाना ही नहीं सोनीपत और दिल्ली से भी जुड़ा हुआ है।
यदि गन्नौर उप मंडल को गोहाना से जोड़ने का प्रस्ताव किया जाए तो फिर सोनीपत जिले में क्या बच जाएगा। यह व्यावहारिक भी नहीं लगता इसका विरोध भी होगा। इन व्यवहारिक समस्याओं को देखते हुए गोहाना को जिला बनाने की घोषणा पूरी होती नजर नहीं आ रही ।कुछ दिन पहले मौजूदा सरकार ने ही विधानसभा में एक सवाल के जवाब में कहा था कि हरियाणा में नए जिले बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उस समय राजस्व विभाग पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास था।
