
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़
अंबाला लोकसभा क्षेत्र को लेकर हम बार-बार चार खास चीजों का दावा रहे हैं उनमें एक यह कि कांग्रेस पार्टी अंबाला से मुलाना के अपने विधायक वरुण चौधरी को मैदान में उतारने जा रही है।दूसरा यह कि अंबाला में भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस और उसके उम्मीदवार को हल्के में नहीं लेना चाहिए ।तीन यह कि हाल के चुनाव में अंबाला लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस में इतनी एकजुटता देखने को मिल सकती है जितनी पहले शायद ही कभी देखी गई हो ।चौथा, अंबाला में कांग्रेस उम्मीदवार को आम आदमी पार्टी से अप्रत्याशित और निर्णायक सहयोग प्राप्त होने के आसार हैं और अंबाला में चौकाने वाले चुनाव परिणाम सामने आ सकते हैं। अंबाला लोकसभा क्षेत्र वैसे तो कांग्रेस का पुराना गढ रहा है लेकिन 2009 के चुनाव के बाद कांग्रेस यहां जीत के लिए तरस रही है। कांग्रेस अंबाला की सीट 6 बार जीत चुकी है उसके एक उम्मीदवार स्वर्गीय राम प्रकाश ने यहां जीत की हैट्रिक भी लगाई है लेकिन अब इसे भाजपा के लिए आसान सीट माना जाने लगा है। यहां स्वर्गीय रतनलाल कटारिया लगातार दो बार चुने गए ।2019 में उन्हें यह संतोष था कि इससे पहले वे वह अंबाला से चुनाव तो जीतते रहे परंतु कुमारी शैलजा को नहीं हरा पाए थे इस चुनाव में उनकी यह मुराद भी पूरी हो गई। अंबाला में भाजपा की मजबूती का एक प्रमाण 2014 के विधानसभा के चुनाव में तब देखने को मिला जब अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के उम्मीदवार जीत कर आए। परंतु 2019 के चुनाव में भाजपा के पांच जबकि कांग्रेस के चार विधायक बने।

अंबाला में 2004 से कुमारी शैलजा चुनाव लड़ती आ रही है और इस क्षेत्र में उनका ही दबदबा है। इस क्षेत्र के अधिकांश कांग्रेस जन कुमारी शैलजा के समर्थक हैं।विधानसभा के चुनाव में अमूमन उनकी मर्जी से ही टिकट बटती रही है। एक समय ऐसा था जब अंबाला लोकसभा क्षेत्र में एक ही गुट था वह था कुमारी शैलजा का मतलब लगभग सारी कांग्रेस उनके साथ होती थी। मौजूदा चुनाव में अंबाला क्षेत्र की बागडोर पहली बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथ में आ रही है और वह बड़ी चतुराई के साथ अपनी गोटिया फिट करने में लगे हैं। हरियाणा के मंजे हुए नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा अंबाला में अपनी पसंद का उम्मीदवार लाकर अपनी राजनीतिक सोच से यह साबित करने में लग गए हैं कि जहां कांग्रेस लगातार दो चुनाव हार चुकी थी, अब उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने सातवीं बार फिर बाजी मार ली है। अंबाला लोकसभा क्षेत्र में अंबाला कैंट अंबाला शहर यमुनानगर और जगाधरी में कांग्रेस भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रयासों के कारण पहले से मजबूत नजर आने लगी है क्योंकि उनके कई समर्थक कांग्रेस में आकर उनसे जुड़ गए हैं और समर्पित भाव से काम करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा श्री हुड्डा ने कुमारी शैलजा के समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग प्राप्त करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। यह उनकी कूटनीतिक पहल कहीं जा सकती है। यहां एक खास बात भाजपा के नेताओं को समझ लेनी चाहिए कि जहां श्री हुड्डा के समर्थक चुनाव में जी जान से जुटेंगे वही कुमारी शैलजा समर्थक कांग्रेस जन भी उम्मीदवार का साथ देते नजर आ सकते हैं । जानकार लोग इस बात को अभी से महसूस कर रहे है ।एक खास बात कहने और समझने की यह है कि बेशक कुमारी शैलजा अब सिरसा से चुनाव लड़ रही है लेकिन वह अंबाला में अपने समर्थकों को उम्मीदवार को लेकर कोई नकारात्मक संदेश नहीं देंगी यह आम मान्यता है।क्योंकि उन्हें जानने वाले दावा करते हैं कि कांग्रेस उम्मीदवार को वोट नहीं देने की बात करना उनकी फितरत में ही नहीं है ।ऐसे में अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस जन पहली बार एकजुट होकर चुनाव लड़ते नजर आ सकते हैं।

वरुण चौधरी
अंबाला लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी पहले से अपेक्षाकृत ज्यादा मजबूत हुई है। 2019 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के तीन उम्मीदवार, चौधरी निर्मल सिंह, चित्रा सरवारा और आदर्श पाल को लगभग डेढ़ लाख वोट पड़े थे। ऐसे में नौ विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी की ताकत कितनी हो गई होगी इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। यहां एक बात खास यह नजर आ रही है कि सारे क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के मतदाता भाजपा के खिलाफ आक्रामक होकर वोट डालते नजर आ सकते हैं जिसका सीधा लाभ कांग्रेस के उम्मीदवार को होगा। आम आदमी पार्टी ने जिला परिषद के चुनाव में अंबाला में अपनी ताकत दिखाई ,कालका नगर परिषद में बेशक भाजपा का अध्यक्ष बना लेकिन यदि कांग्रेस के उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को मिली वोट जोड़ ली जाए तो भारतीय जनता पार्टी की हार होनी तय हो जाती है। एक बात और महत्वपूर्ण है वह है कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों की परस्पर तुलना। यदि संभावना के अनुरूप वरुण चौधरी कांग्रेस के उम्मीदवार होते हैं तो वह परफॉर्मेंस ऊर्जा और प्रगतिशीलता के मामले में भाजपा की उम्मीदवार पर काफी भारी पड़ते हैं। ऐसी आम मान्यता है। राजनीति के जानकार एक बात को डंके की चोट पर कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की टिकट के बड़े मायने हैं ।भाजपा के पास संगठन भी है परंतु उनकी उम्मीदवार कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार के मुकाबले बहुत कमजोर है। अभी एक बात भाजपा के पक्ष में यह जरूर है कि हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सैनी की यह नैतिक जिम्मेदारी हो गई है कि उनके अपने जिले अंबाला में भाजपा का उम्मीदवार जरूर जीते। राजनीतिक विरोधी उनकी पत्नी की जिला परिषद की हार को उनकी व्यक्तिगत कमजोरी के रूप में प्रस्तुत करते हैं ।यही कारण है कि भाजपा उम्मीदवार ने मंच से यह कहना विशेष तौर पर शुरू कर दिया है कि उन्हें तो टिकट नायब सैनी की मेहरबानी से मिली है। इसके बावजूद यहां लाखों की संख्या में जाट मतदाता बहुत निर्णायक साबित हो सकते हैं। कुल मिलाकर अंबाला लोकसभा क्षेत्र में कई कारणों से रोचक मुकाबले के आसार बन रहे हैं और अंबाला के चुनावी हालातो का कुरुक्षेत्र पर भी असर जा सकता है।

