
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में दसों सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इन सबने अपना चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है कार्यालय खोलने का काम लगभग पूरा हो चुका है। इन 10 उम्मीदवारों में 6 ऐसे हैं जो पहले कांग्रेस पार्टी में रहे हैं और कांग्रेस के विधायक या सांसद भी रह चुके हैं। भाजपा की हरियाणा की बात करें तो हम यह कह सकते हैं कि एक-दो को छोड़कर अधिकांश उम्मीदवार प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पसंद है और उम्मीदवार चुनने के मामले में मनोहर लाल ने डंके की चोट पर पार्टी के कुछ नेताओं को चुनाव की दौड़ से बाहर करके दिखाया और कुछ ऐसे हैं जिन्हें अकेले दम पर टिकट का आशीर्वाद और प्रसाद देकर यह साबित किया कि वह अपनों के लिए कलम तोड़ना जानते हैं।
हरियाणा की राजनीति के जानकार यह बात कहा करते कि टिकट वितरण के समय जिन भाजपा नेताओं के नाम पैनल में दो-दो जगह से गए हैं उन्हें किसी एक जगह से भी टिकट नहीं मिलने वाली है। भाजपा का हरियाणा में आम प्रचार यह रहा कि इस बार भी 10 की 10 सीटें जीतेंगे। परंतु जब रोहतक से डॉक्टर अरविंद शर्मा को टिकट मिल गया तो मनोहर समर्थक नेताओं ने यह कहना शुरू कर दिया कि हम रोहतक तो नहीं जीतते परंतु बाकी नौ जरूर जीतेंगे। भाजपा की टिकटें बंटने के बाद आमजन यह कहने लग गया है कि यदि कांग्रेस ने टिकट ठीक बांटी तो वह 10 में से 4 सीट जीत सकती है। परंतु फिलहाल हालात यह है कि कई कारणों से अब भी भाजपा का ही पलड़ा भारी नज़र आ रहा है। यह स्थिति तब है जब टिकटों के बंटवारे को लेकर कार्य कर्ता खुश नहीं है। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की स्थिति यह है कि उन्हें चुनाव में 50% लाभ तो प्रधानमंत्री मोदी के क्रेडिट का मिल रहा है 25% लाभ संगठन का हो रहा है । कांग्रेस के मुकाबले भाजपा का बहुत मजबूत है । शेष 25% भाजपा उम्मीदवारों को खुद पर परफॉर्म करना है ।यहां उनकी पर्सनालिटी, जन सेवा में योगदान, चुनाव प्रबंधन ,साख और चुनाव की शुरुआत बहुत काम करेगी। इस चुनाव में चौधरी रणजीत सिंह, डॉक्टर अशोक तंवर और और अंबाला की उम्मीदवार श्रीमती बंतो कटारिया का चुनाव पार्टी को खुद लड़ना पड़ेगा। इनके साथ कई ऐसी दुश्वारियां हैं जिनका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ सकता है। अभी कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची नहीं आई है जो चुनावी समीक्षा में बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। मौजूदा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यकाल और कार्य शैली भी मतदाताओं के मन मस्तिष्क में निश्चित तौर पर रहेगी ।

वोट मांगने का एक स्टाइल यह भी है
इस बात को इस खबर से भी समझा और जाना जा सकता है कि मनोहर लाल ने एक सभा में झोली पसार कर वोट मांगी। भारतीय जनता पार्टी के लोग यह मानकर चल रहे हैं कि कांग्रेस में फूट उनके बहुत काम आएगी।
