
धर्मपाल वर्मा dakshdarpan2024@gmail.com
किसी ने सही कहा है कि माहौल बनाने का नाम राजनीति है और भारतीय जनता पार्टी के नेता माहौल बनाना जानते हैं। इस मामले में देश को एक बात और समझ में आ गई है कि यदि आपको सत्ता में बने रहना है तो अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को और विरोधियों को किसी भी रूप में उभरने नहीं देना चाहिए। जाहिर है कि जब विकल्प ही नहीं होगा तो उसका लाभ आपको ही तो मिलेगा। देश में भारतीय जनता पार्टी ने एक योजना बनाकर ,कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देकर राहुल गांधी पर योजनाबद्ध लक्ष्य तय करके ऐसी स्थिति लाकर खड़ी कर दी है कि देश के सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को खाता खुलने की भी आस नहीं रही है। जहां उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी अपनी और परिवार की चिरपरिक्षित सीट अमेठी को छोड़ कर वायानाड जा चुनाव लड़ने को मजबूर हुए हैं वहीं अब श्रीमती सोनिया गांधी भी रायबरेली से लोकसभा का चुनाव लड़ने की बजाय राजस्थान से राज्यसभा के माध्यम से संसद में जाने की योजना पर काम करती नजर आ रही हैं। इस योजना के पीछे दो बड़े कारण हैं। एक यह कि श्रीमती सोनिया गांधी के मामले में कांग्रेस कोई रिस्क लेना नहीं चाहती। इसका सीधा सा मतलब यह है कि पार्टी के नेताओं को यकीन नहीं है कि इस बार भी रायबरेली में जीत हासिल हो जाएगी। इसके पीछे दूसरी आशंका यह है कि श्रीमती सोनिया गांधी इसी कारण से रायबरेली से सांसद नहीं बन पाई तो भारतीय जनता पार्टी के नेता कहो या केंद्र सरकार राहुल गांधी की तरह श्रीमती सोनिया गांधी से नई दिल्ली में 10 जनपद का उनका सरकारी आवास खाली कराने में देर नहीं लगाएगी। इसलिए पानी आने से पहले बांध बनाने की जरूरत के दृष्टिगत कांग्रेस श्रीमती सोनिया गांधी को लोकसभा का चुनाव लड़ाने की बजाय सुरक्षित तरीके से राज्यसभा के माध्यम से सांसद भेजने की योजना पर काम कर रही है।

एक बात और है कि अब श्रीमती गांधी राजस्थान और राजस्थान की राजनीति पर विशेष तौर पर फोकस करके चल रही हैं ।वह राजस्थान की कांग्रेस की गतिविधियों पर खुद नजर रखने लगी है। यहां एक बात और सामने आई है कि रायबरेली से श्रीमती सोनिया गांधी की जगह प्रियंका गांधी को मैदान में उतरा जा सकता है। सच्चाई यह भी है कि प्रियंका गांधी की रुचि भी लोकसभा का चुनाव लड़ने की बजाय राज्यसभा में जाने की है और वह इस मामले में हिमाचल प्रदेश में लॉबिंग करती भी दिखाई दी थी। एक बात और सामने आई कि राहुल गांधी इस राय के बताए गए हैं कि प्रियंका गांधी को संसद में ही ना भेजा जाए मतलब न वे लोकसभा लड़े न राज्यसभा।
अब आप खुद ही अनुमान लगा सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर न केवल खुद को काफी मजबूत कर लिया है बल्कि कांग्रेस को और इंडिया गठबंधन को तोड़ने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। राजनीति क्या होती है, यह भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार साबित करते आ रहे हैं और अभी से ऐसे लगने लगा है कि अगले चुनाव में कांग्रेस की हालत बहुत पतली हो जाएगी।

राहुल गांधी की दूसरे चरण की यात्रा की स्थिति यह है कि उसे मीडिया से भी अपेक्षित स्पोर्ट नहीं मिल रही है। उधर भारतीय जनता पार्टी के नेता कांग्रेस के दिग्गज लोगों को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराने की मुहिम में योजनाबद्ध तरीके से लगे हुए हैं। कांग्रेस का एक पूर्व मुख्यमंत्री पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुआ अब एक और पूर्व मुख्यमंत्री के बारे में खबरें आने लगी है कि वह भी भगवा पटका पहन सकते हैं। हरियाणा में कांग्रेस के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एक पूर्व मंत्री पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए अब एक पूर्व सांसद और बड़े उद्योग पति भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा करने वाले हैं। हरियाणा की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी धीरे-धीरे एक बार फिर 10 की 10 सीटें जीतने की स्थिति में आती दिख रही है। यह स्थिति तो तब है जब भाजपा द्वारा नए-नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का संकेत दिया जा रहा है। बदलते माहौल में लोगों ने अभी से यह कहना शुरू कर दिया है कि हरियाणा में भी तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनेगी। यदि 2024 में भी हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी तो लोग कांग्रेस का नाम लेते ही कहेंगे कि, दे दाल में पानी। कांग्रेस अब नहीं आनी।
