
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com। चंडीगढ़
रोहतक। सैनी आनंदपुरा स्थित सैनी धर्मशाला में रविवार को कांग्रेस ओबीसी सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस ओबीसी वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष रमेश सैनी और कलानौर विधायक शकुंतला खटक ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। रोहतक विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सैनी, एडवोकेट राजेश सैनी व समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की ओर से मुख्य अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष रमेश सैनी ने राकेश सैनी को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ओबीसी वर्ग का महासचिव नियुक्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ही गरीब व पिछड़े वर्ग के हित सुरक्षित हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे वे विधानसभा में जाकर अपनी मांगों को पूरा करवा सकें।
राकेश सैनी ने कहा कि वे अपने पिता स्व. राजबीर सैनी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे और नई मिली महासचिव पद की जिम्मेदारी को निभाने की पूरी कोशिश करेंगे। कलानौर विधायक शकुंतला खटक ने कहा कि भाजपा सरकार में आज हर वर्ग दुखी है। इस बार लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा को कलानौर विधानसभा से सबसे ज्यादा मतों से विजयी बनाकर भेजना है।
सम्मान समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए और भंडारे का भी आयोजन किया गया। मंच संचालन बीर सिंह आर्य ने किया। इस मौके पर एडवोकेट राजेश सैनी, दीपक सैनी, राम सिंह सैनी, सूबे सिंह, सुनहरा सैनी, जवाहर सैनी, जगदीश सैनी, करतार सैनी, मेहर चंद सैनी, साधुराम सैनी, सुरेंद्र सैनी, भीमा सैनी, नवीन सैनी, शमशेर सैनी, नरेश सैनी, धनीराम सैनी और रोमी सपरा आदि मौजूद रहे।


