
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
करनाल। करनाल कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने स्वच्छता रैंकिंग में करनाल को 115वां स्थान मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह शर्म की बात है कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी सरकार करनाल को स्वच्छ नहीं बना सकी। उन्होंने कहा कि करनाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विधानसभा क्षेत्र भी है। सीएम को नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए करनाल की जनता से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री करनाल मेें आकर जनता को जवाब दें कि क्यों जनता का करोड़ों रुपए बर्बाद किए जा रहे हैं। क्या मुख्यमंत्री उदघाटन करने के लिए ही करनाल आते हैं। उन्होंने कहा कि सीएम सिटी को कचरा सिटी बनाने का काम मनोहर सरकार कर रही है। सफाई कर्मचारियों को प्रति माह 6.5 लाख रुपए वेतन दिया जाता है। इन कर्मचारियों को ठेकेदारों के अधीन छोड़ दिया गया है। सरकार के पास कोई रिपोर्ट नहीं है। कचरा प्लांट पर हर माह 31.0 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन वहां कोई काम नहीं हो रहा। बिजली बिल अदा न करने के कारण लाइटें बंद पड़ी हैं। शौचालयों पर ताले लग गए हैं। एक सवाल के जवाब में त्रिलोचन सिंह ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा बड़ा घोटाला है। जनता से टैक्स के जरिए लिए गए पैसे को भाजपा अपनी नीतियों का प्रचार करने में लगा रही है। जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने कहा कि अगर सीएम मनोहर लाल ने शीघ्र ही जनता से माफी नहीं मांगी तो करनाल आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हेंं काले झंडे दिखाएंगे। इस अवसर पर महिला प्रधान उषा तुली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रघबीर संधु, कांग्रेस नेत्री रानी कांबोज, अंशुल लाठर, रोहित जोशी, एडवोकेट अमनदीप, टिंकू वर्मा, मुकुल वर्मा, राजिंद्र पप्पी व गगन मेहता मौजूद रहे।
