
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
पंचकूला। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राठी ने कहा है कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है कर्मचारी, अधिकारी, डॉक्टर, सफाई कर्मचारी, रोडवेज कर्मचारी, सरकारी अध्यापक, क्लर्क आशा वर्कर सभी इस सरकार से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार का ध्यान लोगों की मुख्य मांगों को पूरा करने की बजाय झूठा गुणगान करने पर है। प्रदेश में निकाली जा रही विकसित भारत यात्रा एक ढकोसला है। भाजपा के नेता इस यात्रा में अपना प्रचार कर रहे हैं और सरकारी खर्च किया जा रहा है। सुरेंद्र राठी ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ग भाजपा की नीतियों से दुखी है और वह आगामी विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहा है जिसमें भाजपा का सुपड़ा साफ कर दिया जाएगा। सुरेंद्र राठी ने कहा कि डॉक्टर मरीज का इलाज करें या सरकार से लड़े, सरकार को मरीजों का हित ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों की मांगों को तुरंत पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा हरियाणा में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। अधिकारियों नेताओं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्री से मिल चुके हैं , लेकिन सरकार का उनकी मांगों को पूरा करने पर कोई ध्यान नहीं है, जिसका खमियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सुरेंद्र राठी ने कहा कि सरकार को जनहित में कदम उठाने चाहिए।
