दक्ष दर्पण समाचार सेवा
डेराबस्सी, 23 दिसंबर राजिंदर कौर डेराबस्सी में माइनिंग को लेकर पुलिस और माइनिंग विभाग हरकत में आ गया है। पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में ईंट भट्ठा के दो ठेकेदारों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जबकि खनन विभाग ने तीन टिप्परों को जब्त कर करीब साढ़े पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को जुर्माना अदा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।
जानकारी मुताबिक, डेराबस्सी इलाके में अवैध माइनिंग की शिकायतें मिलने पर एसडीएम डेराबस्सी ने माइनिंग टीम के साथ गांवों का दौरा किया था। जहां कई स्थानों पर भट्ठा ठेकेदार अवैध खनन करते पाए गए। जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि माइनिंग इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह की शिकायत पर माइनिंग विभाग के जेई-कॉम, एमएस एमआर बीकेओ गांव भगवानपुर और एमएस गर्ग ब्रिक्स मुकंदपुर के खिलाफ माइनिंग माइन्स एंड मिनरल्स एक्ट 1957 4(1) और 21(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डेराबस्सी माइनिंग अधिकारी लखवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने डेराबस्सी मुबारकपुर रोड पर 2 बजरी और 1 मिट्टी से भरे टिप्पर को जब्त किया है। बजरी वाले दो टिप्परों के खिलाफ 4 लाख रुपये और मिट्टी वाले टिप्पर के खिलाफ 1.5 लाख रुपये का चालान काटा गया है। इसके अलावा 1 जेसीबी भी जब्त की गई है। ककराली घग्गर नदी में चल रहे खनन के संबंध में उन्होंने कहा कि खनन टीम ने शुक्रवार रात को भी चेकिंग की थी। उनकी टीम लगातार ककराली गांव में माइनिंग पर नजर रखे हुए है। वे क्षेत्र में कोई भी अवैध खनन नहीं होने देंगे।

खनन विभाग द्वारा जब्त किए गए टिप्परों की फोटो।
