
बसपा इनेलो गठबंधन के समय का फाइल फोटो।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com चण्डीगढ़ ; कोई राजनीतिक दल हो, सामाजिक संगठन हो, कोई परिवार हो, कोई व्यक्ति विशेष हो, किसी कारण से इनके रूटीन की गाड़ी लाइन से नीचे उतर जाती है तो उसको दोबारा लाइन पर लाना बहुत कठिन काम हो जाता है। ओम प्रकाश चौटाला के परिवार की बात करें या इंडियन नेशनल लोकदल की, इनके विभाजन के बाद पार्टी को लाइन पर लाने के लिए पार्टी के नेता और विधायक अभय सिंह चौटाला न केवल दिन-रात एक किए हुए हैं बल्कि राजनीतिक मजबूती के लिए तरह-तरह से प्रयास कर रहे हैं। संघर्ष करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं ।
उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान त्यागपत्र दिया। फिर प्रदेश में लंबी यात्रा की इंडिया गठबंधन के माध्यम से कांग्रेस से तालमेल बनाने की कोशिश की परंतु बात नहीं बन पाई ।
अब लोकसभा के चुनाव सिर पर हैं राज्य की दसों सीटों पर चुनाव लड़ना इनेलो की भी मजबूरी है लेकिन अपेक्षा अनुरूप जन समर्थन नहीं मिला तो इसका बहुत भारी नुकसान हो जाएगा। परंतु कहते हैं कि जरूरत दो पक्षों को एक कर देती है। यूं तो इंडियन नेशनल लोकदल का भारतीय जनता पार्टी से भी गठबंधन रहा है परंतु 1998 में लोकसभा के चुनाव से पहले इंडियन नेशनल लोकदल का बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन हुआ था। इससे दोनों दलों को फायदा हुआ हरियाणा में पहली बार बसपा का एक सांसद बन सका था। उसके बाद यह गठबंधन उसी समय टूट गया जब इनेलो ने बीजेपी से गठबंधन कर लिया। इस बात से कुमारी मायावती बहुत खफा हुई थी और उसने लंबे समय तक दोबारा इनेलो को भाव नहीं दिए थे और गठबंधन करने से मना कर दिया परंतु अभय सिंह चौटाला ने कुमारी मायावती को मनाने के प्रयास लगातार जारी रखें और अंत में 2019 के चुनाव से पहले वह बसपा से गठबंधन करने में सफल हो गए परंतु जब परिवार और पार्टी बट गई तो परिस्थितियों के दृष्टिगत बसपा ने दी गठबंधन तोड़ लिया। अब पता चला है कि दोनों दलों के नेता फिर एक साथ नजदीक आ रहे हैं और गठबंधन पर विचार करने के लिए बैठक करने वाले हैं। इससे जहां इन दोनों दलों को लाभ हो सकता है वहीं कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लग सकती है। इसमें कोई संदेह नहीं है। बीएसपी और इनेलो के नेताओं की बैठक कब होगी नहीं होगी कहां होगी अभी निश्चित तौर पर कहना कठिन है। इस बारे में बयान किसी नेता का नहीं आया है लेकिन संभावनाओं पर नजर डालें तो कहा जा सकता है कि लगता तो नहीं पर हो भी सकता है। चुनाव जब सिर पर होते हैं तो गठबंधन की बातें तो चलती ही हैं।
