
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मोहित हाण्डा के आदेशानुसार एडिशनल एसपी श्रीमति हिमाद्रि कौशिक के दिशा-निर्देशन में आपराधिक तत्वों की धरपकड़ में अपराध शाखा -1 इंचार्ज निरीक्षक केवल सिंह की टीम ने कार्यवाही करते हुए ज़िला यमुनानगर में हुई तीन स्नैचिंग की वारदातों को सुलझाते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ़्तार करने में सफलता हासिल की है। पहली घटना इसी वर्ष सात जून की है जिसमें दो बाईक सवार लड़कों ने रात के समय हस्पताल में अपने बच्चे का ईलाज कराने आये एक व्यक्ति से सड़क पर मोबाईल फ़ोन छीन लिया था। इसमें आरोपी सरवर उर्फ भट्टी पुत्र सरदारअली वासी मंडोली को गिरफ़्तार करके छीना हुआ फ़ोन बरामद कर लिया है जिसने यह फ़ोन अपने एक रिश्तेदार से ख़रीदा था जो वारदात में शामिल था।
दूसरी घटना बीस सितंबर की पंसरा फाटक के पास की है जिसमें एक ट्रैक्टर ड्राईवर जब चाय के खोख़ा पर अपना ट्रैक्टर खड़ा करके रेलवे लाईन के साईड में बाथरूम करने गया तो चार-पाँच लड़कों ने उसे पकड़कर ज़बरदस्ती उसका पर्स छीन लिया जिसमें दस हज़ार रुपए थे। इसमें कार्यवाही करते टीम ने गोपाल एवं ओमकार नाम के दो लड़कों को पकड़ा है जिनसे पंद्रह सौ रुपए बरामद किए हैं तथा अन्य की गिरफ़्तारी बकाया है।
तीसरी घटना 21 सितंबर की है जिसमें बीबीपुर-भोगपुर रोड से चार प्रवासी मजदूरों से मारपीट करके दो बाईक स्वार व्यक्तियों ने उनके दो मोबाईल फ़ोन छीन लिये थे। इस घटना में गाँव भोगपुर वासी पेटू राम पुत्र कूड़ा राम व संजीव पुत्र बाबु राम को गिरफ़्तार किया गया है और इनसे वारदात में प्रयोग मोटरसाइकिल और दोनों मोबाईल फ़ोन बरामद किए गए हैं। टीम में उप-निरीक्षक गुरमेज़ सिंह, धर्मपाल सिंह, सहायक उप-निरीक्षक जयपाल, गुरमीत सिंह, हैड कांस्टेबल रणधीर सिंह, मुकेश कुमार, अन्दीप सिंह,कांस्टेबल विमल कुमार आदि शामिल रहे।
