
सुभाष कोहली
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका। कालका शहर में रामनगर (मील) स्थित बस क्यू शैल्टर, जर्जर हालत में होने की वजह से हरियाणा राज्य परिवहन विभाग द्वारा अप्रैल 2018 के दौरान तुड़वा दिया गया था। उस उपरांत हरियाणा राज्य परिवहन, पंचकूला के पत्र संख्या 5985 दिनांक 14-12-2018 को नप कार्यालय में पत्र भेजकर बस क्यू शैल्टर का निर्माण शीघ्र अति शीघ्र करवाने का अनुरोध किया गया था। परंतु उसे दोबारा बनवाने के लिए निगम प्रशासन ने कोई गम्भीरता नहीं दिखाई, 4 साल बीत जाने के बाद भी निगम प्रशासन बस क्यू शैल्टर का निर्माण नहीं कर पाया है। लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों के अनुसार इस जनसमस्या के समाधान हेतु कई बार खबरें समाचार पत्रों में भी प्रकाशित करवाई गई हैं। आस-पास के एरिया में रहने वाले लोगों का कहना है कि बड़ी संख्या में स्थानीय तथा गांववासी चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, बरवाला, अम्बाला जाने के लिए तथा शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए छात्र-छात्राएं हर रोज इसी बस स्टॉप से बसें पकड़ते हैं। लोगों को पेड़ों के नीचे या फिर खुले आसमान के नीचे गर्मी, सर्दी व बरसात के दिनों में बसों का इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन (रजि.) इकाई हरियाणा की और से नप कालका के कार्यकारी अधिकारी को पत्र के जरिये अनुरोध किया गया है कि स्थानीय निवासियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही जनहित में बस क्यू शैल्टर का निर्माण करवाया जाए, ताकि यात्रियों को गर्मी, सर्दी व बरसात के मौसम में दिक़्क़तों का सामना ना करना पड़े। भेजे गये पत्र की प्रति चेयरमैन नगर परिषद, कालका, एसडीएम कालका व उपायुक्त पंचकूला को भी प्रेषित की गई है।
