
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण ब्यूरो नई दिल्ली
1 सितंबर।
2024 के आम संसदीय चुनाव की तैयारी और इससे जुड़ी राजनीतिक उठा पटक पर गौर करें तो एक बात सामने आ गई है कि सतारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर बसपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती का प्रत्यक्ष परोक्ष लाभ मिलने वाला है। यह भाजपा नेताओं का कुमारी मायावती पर दबाव है या बसपा की अपनी राजनीति और रणनीति, लेकिन आगामी चुनाव में बसपा निर्णायक स्थिति में आ सकती है इससे जहां विपक्षी गठबंधन इंडिया को नुकसान होगा वहीं भारतीय जनता पार्टी को लाभ होता दिख रहा है। यह अलग बात है कि यह भी देखा जाएगा कि इससे बसपा को कितना लाभ होगा।बसपा के चार राज्यों में विधानसभा के चुनाव लड़ने से भी कांग्रेस को सीधा नुकसान हो सकता है। बसपा के विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए पार्टी सुप्रीमो मायावती ने साफ कह दिया है कि वह आगामी चार राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव 2024 के लिए किसी भी गठबंधन में भी शामिल नहीं होंगी। उन्होंने ऐलान किया है कि बसपा अकेले ही चुनाव लड़ेगी।उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एनडीए व इण्डिया गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक व पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं जिनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है और इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता।बीएसपी, विरोधियों के जुगाड, जोड़तोड़ से ज्यादा समाज के टूटे-बिखरे हुए करोड़ों उपेक्षितों को आपसी भाईचारा के आधार पर जोड़कर उनके गठबंधन से सन 2007 की तरह अकेले आगामी लोकसभा तथा चार राज्यों में विधानसभा का आम चुनाव लडे़गी। मीडिया बार-बार भ्रान्तियां न फैलाए।उन्होंने कहा कि वैसे तो बीएसपी से गठबंधन के लिए यहां सभी आतुर हैं, किन्तु ऐसा न करने पर विपक्षी नेता भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। मतलब इनसे मिल जाएं तो सेक्युलर न मिलें तो भाजपा के पक्षधर।
विपक्षी गठबंधन इंडिया की 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में हो रही बैठक में मायावती के शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। उनके बयान से अब यह स्पष्ट हो गया है कि वह इस बैठक में शामिल नहीं हो रही हैं।

