
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com पटौदी / गुरुग्राम। रेलवे मंत्रालय की ओर से दिल्ली रेवाड़ी रेल खंड पर पटौदी रोड रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृत भारत स्टेशन के अंतर्गत पटौदी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए रेलवे मंत्रालय की ओर से 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संडे को पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में 500 से अधिक रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन के तहत दिल्ली रेल मंडल के तहत करीब दो दर्जन रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है, जिसमें पटौदी रोड रेलवे स्टेशन भी शामिल है। इस योजना के तहत रेलवे की ओर से चयनित स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए अनेक योजनाओं पर कार्य किया जाएगा । जिनमें रेलवे स्टेशन का विस्तार, यात्रियों की सुविधाओं के लिए फुटओवर ब्रिज, एक्सीलेटर, यात्री ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि व पैसेंजर वेटिंग रूम बनाने का कार्य अमृत भारत मिशन के तहत किया जाएगा। गुरुग्राम स्टेशन के डिजाइन मे बदलाव,
टेंडर में देरी , बाद में शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह ने बताया कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन दो चरणों में होगा। पहले चरण में करीब सवा सौ से डेढ़ सौ करोड रुपए खर्च किए जाएंगे और दूसरे चरण में भी करीब इतनी ही राशि खर्च की जाएगी। अपग्रेडेशन कार्य में खास बात यह होगी कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को दो एंट्रियां मिल जाएंगी। अब राजेंद्र पार्क की ओर से भी गुड़गांव के लोगों को रेलवे स्टेशन के लिए प्रवेश मिलेगा । योजना तैयार की जा रही है कि दौलताबाद फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन भी सीधे स्टेशन से जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि पटौदी रोड रेलवे स्टेशन और रेवाड़ी जंक्शन स्टेशन के नवीनीकरण के उपरांत आम आदमियों सहित यात्रियों के हित में भरपूर सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद यह दोनों स्टेशन भी विश्व स्तरीय स्टेशन की गिनती में शामिल हो जाएंगे।
