प्यार और रिश्तों की उलझनों को दर्शाता है नया गाना, पंजाबी संगीत में जर्सी साउंड के साथ पेश किया अपना खास अंदाज।

दक्ष दर्पण
लुधियाना, 18 नवंबर 2026: अपने गाने ‘पीछे तेरे’ की शानदार सफलता के बाद पंजाबी गायक कुंवर अपने नए ट्रैक ‘व्हाय?’ के साथ वापस आए हैं। यह गाना श्रोताओं को समकालीन पंजाबी पॉप संगीत का एक नया अनुभव प्रदान करता है। ऊर्जावान संगीत, आकर्षक लय और कुंवर की खास गायकी से सजा यह ट्रैक प्यार और रिश्तों से जुड़ी भावनाओं, सवालों और उलझनों को बयां करता है। ‘व्हाय?’ में जोशीले संगीत के साथ दिल के मामलों में पैदा होने वाली उलझन, उत्सुकता और अनसुलझे सवालों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। आकर्षक संगीत और दमदार गायकी से सजा यह गाना देर रात की ड्राइव, सप्ताहांत की मस्ती और संगीत प्रेमियों की नियमित प्लेलिस्ट के लिए एक शानदार विकल्प है। इस ट्रैक के माध्यम से कुंवर अपनी संगीत शैली को नए आयाम देते हुए अपनी मूल पहचान को भी बरकरार रख रहे हैं।
गाने के बारे में कुंवर ने कहा, “यह गाना एक ऐसी भावना से निकला है, जिसे मैंने खुद महसूस किया है। जब किसी व्यक्ति या परिस्थिति को लेकर मन में कई सवाल होते हैं, लेकिन उनके जवाब नहीं मिलते। प्यार में हम सभी ऐसे दौर से गुजरते हैं, जब पुरानी बातों को बार-बार याद करते हैं और सोचते हैं कि क्या कुछ अलग हो सकता था। मैं इन भावनाओं को गाने में पिरोना चाहता था, लेकिन संगीत को ऊर्जावान बनाए रखना भी मेरी प्राथमिकता थी। मुझे उम्मीद है कि श्रोता इस गाने से अपने तरीके से जुड़ पाएंगे।”
पंजाब के बठिंडा से ताल्लुक रखने वाले और वर्तमान में कनाडा के टोरंटो में रह रहे कुंवर ने पंजाबी संगीत को हिप-हॉप, आर एंड बी और यूके संगीत शैली के साथ मिलाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका गाना ‘पीछे तेरे’ लोकप्रियता हासिल करने के साथ भारत और ग्लोबल स्पॉटिफाई वायरल चार्ट में भी शामिल हुआ था। वहीं, ‘क्रेजी4यू’ ने भी उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। ‘व्हाय?’ के साथ कुंवर जर्सी साउंड को पंजाबी अंदाज में पेश करते हुए नए संगीत प्रयोगों की ओर बढ़ रहे हैं। यह गाना उनकी संगीत प्रतिभा के नए पहलू को सामने लाने के साथ पंजाबी संगीत की नई लहर में उनके बढ़ते योगदान को भी दर्शाता है।
