
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़/पंचकूला 5 अगस्त 2025।
शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन विजय बंसल एडवोकेट द्वारा पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, डीजीपी चंडीगढ़ सागर प्रीत हुड्डा को ज्ञापन भेजकर चंडीगढ़ शहर में अन्य राज्यों हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश की गाड़ियों को बेवजह रोककर लोगों को परेशान करने की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की थी। जिस पर डीजीपी चंडीगढ़ सागर प्रीति हुड्डा द्वारा चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस को सख्त आदेश जारी करते हुए कहा कि अब कोई भी ट्रैफिक पुलिस जवान बीच सड़क वाहन को नहीं रोकेगा, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल नंबर की गाड़ियों को टारगेट करना अब पूरी तरह बंद करना होगा, ट्रैफिक पॉइंट पर जवान सिर्फ ट्रैफिक कंट्रोल करेंगे, चालान अब सिर्फ सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सिस्टम के जरिए ही किए जाएंगे और उपरोक्त आदेशों का उल्लंघन करने वाले ट्रैफिक पुलिस जवान पर सीधी कार्यवाही होगी।
उपरोक्त आदेश जारी करने पर विजय बंसल एडवोकेट ने डीजीपी चंडीगढ़ सागर प्रीत हुड्डा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन आदेशों से चंडीगढ़ पुलिस की छवि सुधरेगी और पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश से चंडीगढ़ जाने वाले लोगों को भी बेवजह परेशानी नहीं होगी।
गौरतलब है कि पूर्व अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट ने राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासन को विगत 18 जुलाई 2025 को भेजे ज्ञापन में कहा था कि चंडीगढ़ की ट्रैफिक पुलिस का रवैया इन दिनों हरियाणा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। चंडीगढ़ शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को हर मोड़ पर खासकर स्लिप रोड पर जिस तरह से रोका और चेक किया जा रहा है उसने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सबसे ज्यादा खेल स्लिप रोड पर ही क्यों होता है यह जांच का विषय है। चंडीगढ में ट्रैफिक पुलिस का वायलेशन के नाम पर हरियाणा व पंजाब की गाड़ियों के साथ चालान और वसूली करना हर वक्त का खेल बन चूका है। इससे अन्य राज्यों के लोग चंडीगढ़ शहर जाने से कतराने लगे हैं।
विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि पंचकूला हाउसिंग बोर्ड से लेकर पीजीआई तक 20 पुलिस चौकिंग नाके, अंबाला, जीरकपुर रोड, मोहाली, नयागांव और पीजीआई जैसी जगहों से चंडीगढ़ में प्रवेश करने वाले हजारों लोगों को रोज ट्रैफिक जाम और पुलिस की बेवजह की पूछताछ से जूझना पड़ता है। पंचकूला के लोगो को मनीमाजरा हाउसिंग बोर्ड़ की स्लीप रोड पर ही टारगेट किया जा रहा है। चंडीगढ़ में सरकारी कार्यालय पीजीआई, हाईकोर्ट, एशिया की सबसे बड़ी मोटर मार्केट, सेक्टर 26 ग्रेन मार्केट जैसी अन्य संस्थान है जहां पर आम लोग इलाज, न्याय या अन्य व्यावसायिक कामों से आते हैं ऐसे में हर रोज की पूछताछ कागज देखने के नाम पर तंग करना और बिना कारण उनका चालान काटना उनके समय और मानसिक शांति दोनों पर ही भारी पड़ता है।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि चंडीगढ़ शहर में 300 करोड़ की लागत से ट्रैफिक कैमरे भी लगे है, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इन कैमरों के उद्घाटन किया था कैमरों से सलाना लाखो वाहनों के चालान हो रहे है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर कुछ समाचार पत्रों में भी कई समाचार प्रकाशित हो चुके हैं जिसमें इस बात का भी जिक्र किया गया है कि शहर का हर लाइट प्वाइंट या चौराहा लाखों में बिकता है, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के रवैया से बाहरी राज्यों के वाहन चालकों में नाराजगी बढ़ रही है, बाहरी राज्यों की गाड़ीयों को देखते ही एकदम आगे आ जाते हैं ट्रैफिक पुलिस वाले। ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों से वसूली भी करती है ऐसी कई शिकायतें और समस्याएं कई समाचार पत्रों में प्रकाशित भी हो चुकी है। इतना नहीं नहीं चंडीगढ़ सेक्टर 26 की ग्रेन मार्केट चौक भी ट्रैफिक पुलिस की वसूली का अड्डा बनता जा रहा है, जहां पर अक्सर किसान या किसानों का उत्पादन बिकने या खरीदने के लिए आता है इससे व्यापारियों में रोष है और उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है क्योंकि चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की तानाशाही से पंजाब हरियाणा के लोग अपनी ही राजधानी में वाहन लेकर आने को तरस रहे हैं। लेकिन चंडीगढ़ का पुलिस प्रशासन एवं सिविल प्रशासन इस मामले में मौन साधे हुए हैं।
