
नूंह जिले के तावडू उपमंडल के एक गांव में 4 वर्षीय मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पाई गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।. पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम उनकी बेटी घर के बाहर सड़क पर खेल रही थी. देर तक घर न लौटने पर माता – पिता ने उसकी तलाश शुरू की. करीब 100 मीटर दूर एक बाजरे के खेत से चीखने – चिल्लाने की आवाज सुनकर वे वहां पहुंचे, जहां गांव के ही एक नाबालिग युवक को उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म करते देखा। आरोपी उन्हें देखकर मौके से फरार हो गया. शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है. ग्रामीणों ने एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें आरोपी बच्ची के साथ जाता दिख रहा है. पुलिस इस फुटेज को मुख्य साक्ष्य मान रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. इस घटना से गांव में आक्रोश है और ग्रामीण कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. जिसने भी इस घटना के बारे सुना वहीं इसकी कड़ी निंदा कर रहा है.
