
@दक्ष दर्पण
पंचकूला, 23 अप्रैल 2025: 1999 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शिबास कविराज ने आज पंचकूला के नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने मनसा देवी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर डीसीपी हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मुकेश मल्होत्रा, एसीपी सुरेन्द्र सिंह, एसीपी अजीत सिंह, एसीपी अरविंद कंबोज सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने कविराज का गर्मजोशी से स्वागत किया।
शिबास कविराज इससे पूर्व अंबाला रेंज के आईजी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा जारी आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश के तहत उन्हें पंचकूला का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करते ही कविराज ने अधिकारियों के साथ बैठक की और पंचकूला क्षेत्र में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध और अपराधियों के लिए किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराधों का पूर्ण रूप से उन्मूलन उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा उन्होने महिला सुरक्षा, पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और तत्परता लाने के लिए प्रत्येक अधिकारी को मामलों को समय पर निपटाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त, कविराज ने पुलिस आयुक्त कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में किसी भी कार्य को लंबित न रखा जाए और जनता से जुड़े हर मामले में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।
