
अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट।
बेटा जमूरा (व्यंग्य)
डीपी वर्मा
चण्डीगढ़। dakshdarpan2024@gmail.com
जमूरे घूम जा ।
गुरु, घूम गया ।
*कहां पहुंचा ?
गुरु कुरुक्षेत्र में हूं ब्रह्म सरोवर में स्नान करके निकला हूं ।
*चलो कुरुक्षेत्र की सुनाओ।
गुरु, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का नायाब फैसला यह है कि वह कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा से चुनाव लड़ेंगे।
एक बात और शीशे की तरह साफ है कि उनके दोस्त सुभाष सुधा को भी थानेसर से चुनाव लड़ाया जा रहा है। सुधा, मनोहर लाल के लिए भी खास हैं ।लेकिन इस हलके में भाजपा के ही नेता जय भगवान डीडी ने भी चुनाव के लिए ताल ठोक दी है ।टिकट नहीं मिली तो भी चुनाव लड़ सकते हैं ।वह चुनाव को निर्णायक बनाने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। कांग्रेस के होने वाले उम्मीदवार अशोक अरोड़ा और भाजपा के सुभाष सुधा के लिए वह सिर दर्द बन सकते हैं। चुनाव बहुत रोचक होगा।
*क्या मुख्यमंत्री को करनाल से ही चुनाव नहीं लड़ने लेना चाहिए था।
गुरु ,जब मुख्यमंत्री ने उपचुनाव करनाल से लड़ा था तो आम चुनाव भी करनाल से ही लड़ना चाहिए था। इसे विरोधी भाग जाना, डर जाना ,हथियार डाल देना आदि की संज्ञा देंगे।
गुरु, इसे आप गलती कहे या नहीं लेकिन एक गलती और हो रही है वह यह कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को लाडवा के साथ उनके गृह विधानसभा क्षेत्र नारायणगढ़ से भी चुनाव लड़ाने की योजना की। यह खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि नारायणगढ़ में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। चुनाव में मुख्यमंत्री की हार एक सीट पर भी होगी तो इसका गलत संदेश जा सकता है। ऐसी गलती कांग्रेस ने पंजाब में की थी।
*जीटी रोड बेल्ट पर भाजपा की कैसी स्थिति लग रही है?
गुरु , मेरा आपसे ही एक सवाल यह है कि यदि भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज भी चुनाव में हारने की स्थिति में दिखाई देने लगे तो फिर क्या होगा?
*यह तो बहुत खतरनाक स्थिति हो जाएगी।
गुरु, मुझे तो अभी इस बेल्ट पर महिपाल ढांडा, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, लाडवा में मुख्यमंत्री नायब सैनी इंद्री में रामकुमार कश्यप फरीदाबाद जिले में मूल चंद शर्मा (बल्लभगढ़) ही सुखद स्थिति में नजर आ रहे हैं। भाजपा का मामला ढीला है लोग उम्मीदवारों की लिस्ट की इंतजार में है।
सोनीपत जिले में भारतीय जनता पार्टी का दारोमदार टिकटों पर है। मनोहर लाल की चली तो अच्छे परिणाम सामने नहीं आएंगे। यहां पार्टी को बहुत सोच समझ कर टिकटों का फैसला करना पड़ेगा। कांग्रेस को सोनीपत में नए उम्मीदवार की तलाश करनी पड़ सकती है। यहां एक सिटिंग एमएलए की टिकट भी कट सकती है। कांग्रेस गन्नौर, गोहाना, बरोदा और खरखोदा में अपनी जीत पक्की मानकर चल रही है।
गोहाना में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बहुत अधिक उम्मीदवार टिकटों के चक्कर में हैं कई निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में आकर ऊपर का माल नीचे और नीचे का माल ऊपर कर सकते हैं। यहां चौकाने वाले रिजल्ट सामने आ सकते हैं।
*यह बताओ कि पानीपत ग्रामीण में भाजपा के महिपाल ढांडा मजबूत स्थिति में तो है लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवारों की लंबी सूची है। इनमें जाट उम्मीदवार हक के साथ टिकट मांग रहे हैं। होगा क्या ?
गुरु , ऐसी स्थिति हो सकती है कि या तो यह सीट कुमारी शैलजा के खाते में चली जाए या फिर किसी गैर जाट समुदाय के किसी मजबूत उम्मीदवार को टिकट देने का नाम लेकर पतली गली से निकल लिया जाए ।
*उम्मीदवार तो जुलाना में भी बहुत है 88 बताए गए हैं यहां भी ज्यादातर जाट ही उम्मीदवार हैं यहां क्या होगा?
गुरु , बात सुनो यहां भी एक नया खेल होने जा रहा है ।जुलाना से ओलंपियन महिला पहलवान विनेश फोगाट कांग्रेस की उम्मीदवार हो सकती है। किसी को यह भ्रम हो कि उसे चरखी दादरी से चुनाव लड़ाया जा सकता है वह अपना भ्रम निकाल दे। विनेश चरखी दादरी से उम्मीदवार नहीं है उसका गांव भी चरखी दादरी में नहीं पड़ता बल्कि बाढडा हल्के में पड़ता है जबकि जुलाना में उसकी ससुराल है। विनेश फोगाट को शायद इसी सोच के तहत सोनिया गांधी से मिलाया गया है ।पार्टी के नेता कहेंगे कि टिकट श्रीमती सोनिया गांधी ने दी है इसमें हम क्या कर सकते हैं ।विनेश का बड़ा नाम है और टिकट मिली तो वह बड़ी मार्जिन से चुनाव जीत जाएगी ।ऐसे में टिकट मांगने वाले क्या कर लेंगे।
*अब कुरुक्षेत्र की सुनाओ।
गुरु कुरुक्षेत्र में थानेसर से अशोक अरोड़ा और लाडवा से मेवा सिंह की टिकट पक्की है ।शाहबाद मारकंडा में जेजेपी से आए रामकरण काला को कांग्रेस की टिकट की पक्की आस है लेकिन यहां पार्टी के स्थानीय उम्मीदवार किसान यूनियन के लोग काले को टिकट देने के हक में नहीं है। यहां काले का विरोध देखने को मिल सकता है।
पेहवा में संदीप ओंकार लोकप्रिय और मजबूत कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में देखे जा रहे हैं ।कलायत में श्वेता ढुल मजबूत दिख रही है लेकिन टिकट के मामले में उनका मुकाबला सांसद जयप्रकाश के पुत्र विकास सहारन से है। यहां टिकट के बंटवारे के बाद सज्जन ढुल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी मैदान में आ सकते हैं।
पुंडरी में निर्दलीय स्थानीय विधायक रणधीर गोलन कांग्रेस की टिकट के लिए जोर अजमाइश कर रहे हैं ।उन्हें भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूरी तरह सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं। गोलन को सिटिंग एमएलए होने का लाभ मिल सकता है ।वह चुनाव लड़ने की तैयारी में नजर आ रहे हैं ।यहां एक सिक्ख सरपंच ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला अभी से कर दिया है। पुंडरी में कांग्रेस की टिकट बहुत महत्वपूर्ण होने जा रही है। यहां 2019 के कांग्रेस के उम्मीदवार सतबीर भाणा के लिए रणदीप सुरजेवाला एडी चोटी का जोर लगाएंगे। महिला उम्मीदवार के रूप में सुनीता बतान टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रही है। यहां प्रदीप चौधरी भी टिकट के दावेदार हैं। कैथल में रणदीप सिंह सुरजेवाला अपने लिए विधानसभा की टिकट मांग रहे हैं यहां पार्टी उन्हें भी टिकट दे सकती है और उनके पुत्र आदित्य सुरजेवाला को भी। एक बात और शीशे की तरह साफ है कि सांसद होते हुए कुमारी शैलजा को विधानसभा का चुनाव लड़ने को कहा गया तो फिर रणदीप सुरजेवाला भी जरूर लड़ेंगे।
गुरुजी कल क्या होगा कहना मुश्किल होता है लेकिन आज स्थिति यह है कि कांग्रेस बीजेपी से काफी आगे नजर आ रही है ।कुछ लोग तो यह दावा कर रहे हैं कि भाजपा की कांग्रेस से आधी से भी कम सीटें आएंगी।
हमें यह बात भी नहीं भूलनी चाहिए कि कांग्रेस के नेता एक दूसरे के उम्मीदवारों को हराने के सारे तरीके अप्लाई करते भी नजर आ सकते हैं। फिर भी दोनों पार्टियों की टिकटों पर बहुत कुछ निर्भर है। यह चुनाव जहां लहर का हो सकता है वहीं इमेज का भी है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की टिकटों की सूची के बाद अपनी अंतिम सूची जारी कर सकती है।
*चलो जमूरे कल फिर मिलते हैं।
