
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
जयपुर
राजधानी जयपुर में मेट्रो की धीमी चाल परेशानी का सबब बन गई है। यदि मेट्रो का विस्तार समय से होता तो निजी वाहन सड़कों पर कम उतरते और यात्री ई-रिक्शा और बसों की बजाय मेट्रो से सफर कर रहे होते।
जयपुर में पिछले आठ वर्ष से महज 12.94 किमी के रूट पर ही मेट्रो दौड़ रही है। पहले फेज के विस्तार और दूसरे फेज के जमीन पर आने से इस आधुनिक परिवहन के दायरा बढ़ने की उम्मीद जागी है । सब जानते हैं कि टोंक रोड पर यात्रियों का भारी दबाव रहता है।
जिस रूट पर मेट्रो का संचालन हो रहा है, वहां फीडर सेवा और सिटी बसों को भी व्यवस्थित करने की जरूरत है क्योंकि जब स्टेशन से यात्री नीचे आते हैं तो उन्हें बस और फीडर में से कुछ भी नहीं मिलता। ऐसे में यात्रियों के पास इंतजार करने के सिवाय कोई चारा नहीं रहता।
मौजूदा समय की बात करें तो पीक आवर्स में भी मेट्रो ट्रेन में यात्री भार बहुत अधिक नजर नहीं आता है। यदि जेसीटीएसएल से तुलना करें तो जर्जर और खटारा बसों में प्रतिदिन डेढ़ लाख यात्री सफर करते हैं और लग्जरी मेट्रो में यात्री भार महज 50 हजार है।
ऐसे होती रही देरी
-03 जून, 2015 में मानसरोवर से चांदपोल (9.63 किमी) तक मेट्रो का संचालन शुरू हुआ।
-23 सितम्बर, 2020 में परकोटे में मेट्रो का संचालन शुरू हुआ। रूट महज 2.4 किमी का है। चांदपोल से दायरा बढकऱ छोटी चौपड़ होते हुए बड़ी चौपड़ तक पहुंच गया।
–21 सितम्बर, 2023 को बड़ी चौपड़ से रामगंज चौपड़ होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक का शिलान्यास हुआ। अप्रेल, 2027 तक काम पूरा होगा।
(मानसरोवर से 200 फीट बाइपास तक के रूट का अब तक शिलान्यास नहीं हुआ है।)
जुड़ेंगे मेगा हाईवे, लाखों की आबादी को होगा फायदा
-मेट्रो फेज 1 सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर) का काम शुरू हो गया है। जल्द ही फेज 1 डी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर) का काम शुरू होगा। दोनों चरणों का काम पूरा होने के बाद मेट्रो से दिल्ली-आगरा से अजमेर हाईवे का जुड़ाव हो जाएगा।
