सर्वसम्मति से हुआ चयन, जिले से गांव स्तर तक संगठन का विस्तार करेगी महासभा।

दक्ष दर्पण
चण्डीगढ़ 17 नवंबर
हरियाणा में लुबाना और बंजारा सिख समाज को एक मंच पर लाने और उनके अधिकारों की आवाज उठाने के लिए ‘हरियाणा प्रदेश लुबाना बंजारा सिख महासभा’ का गठन किया गया है। प्रेस वार्ता में महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। अंबाला निवासी सरदार मक्खन सिंह लुबाना को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
महासभा के सलाहकार कुलदीप सिंह मुल्तानी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन होने के बावजूद हरियाणा में समाज के मुद्दे उठाने के लिए लंबे समय से एक प्रदेश स्तरीय मंच की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से सलाहकार समिति बनाई गई। समिति ने संगत से विचार-विमर्श के बाद प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की।

सलाहकार समिति में कुलदीप सिंह मुल्तानी के अलावा राजिंदर सिंह दुलियाना, कैप्टन जसबीर सिंह बराड़, मलूक सिंह शंबी, गुरदीप सिंह नारायणगढ़, हरजिंदर सिंह बराड़ और अंबाला कैंट के कैप्टन जगीर सिंह शामिल हैं।
तरसेम सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हरमनप्रीत सिंह पिहोवा महासचिव बने
प्रदेश कार्यकारिणी में सरदार तरसेम सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सरदार सुखजिंदर सिंह मसाणा को उपाध्यक्ष और हरमनप्रीत सिंह पिहोवा को महासचिव बनाया गया। सरदार गुलजार सिंह को संयुक्त सचिव, सरदार लखविंदर सिंह गलेडवा को कोषाध्यक्ष और सरदार सतिंदर सिंह बराड़ को मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मक्खन सिंह लुबाना ने हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से पहुंची संगत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे पूरी टीम को साथ लेकर समाज के कल्याण और उत्थान के लिए काम करेंगे। मुल्तानी ने कहा कि महासभा का जल्द ही हर जिले, कस्बे और गांव तक विस्तार किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर समाज के लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके और उनके मुद्दे प्रदेश स्तर पर उठाए जा सकें।
