
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कुरूक्षेत्र, 14 जून (नीतू चौहान)
कुरुक्षेत्र शहर के गांधी नगर में रविवार तड़के फायरिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने दो युवकों पर गोलियां चला दीं। हमले में गांधी नगर निवासी 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस घायल हो गए। दोनों को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना सुबह करीब साढ़े 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अमन और प्रिंस गांधी नगर क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
साथियों ने पहुंचाया अस्पताल
फायरिंग में घायल हुए अमन और प्रिंस को उनके साथियों ने तुरंत कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें शहर के प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बदमाशों का पीछा, नाले में गिरी स्कॉर्पियो
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार होने लगे। इस दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और घायल युवकों के साथी बाहर निकल आए। उन्होंने आरोपियों का पीछा किया। भागने की कोशिश में आरोपियों की स्कॉर्पियो बेकाबू होकर एक नाले में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने नाले में गिरी स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अभी घायलों के बयान दर्ज नहीं हुए।
जुआ और सट्टेबाजी के विवाद से जुड़ रहा मामला
शुरुआती जांच में मामला जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ा सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांधी नगर में कुछ लोग कथित तौर पर जुआ और सट्टेबाजी का काम करते हैं। अमन और प्रिंस का नाम भी इस नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।
मामला सट्टे के कारोबार या पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद का लग रहा। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते दोनों युवकों पर हमला किया गया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
