
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
आज दिनांक 15-4-26 को उप स्वास्थ्य केंद्र जाजवान पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम एवं बचाव को लेकर एक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर एमपीएचडब्ल्यू सुशील शर्मा एवं रीनू शर्मा द्वारा ग्रामवासियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
सुशील शर्मा एम पी एच डब्ल्यु ने जागरूक करते हुए कहा कि बरसात और गर्मी के मौसम में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए, क्योंकि मच्छर पानी में ही पनपते हैं।
ग्रामवासियों को समझाया गया कि घरों के आसपास रखे कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियां आदि को नियमित रूप से साफ करें और ढककर रखें। सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘ड्राई डे’ के रूप में मनाकर सभी पानी के बर्तनों को खाली कर सुखाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा घरों में मच्छर भगाने वाले साधनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
सुशील शर्मा व रीनू शर्मा स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, उल्टी या प्लेटलेट्स कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवानी चाहिए। समय पर उपचार से इन बीमारियों को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
इस दौरान ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने और स्वच्छ वातावरण रखने का भी संदेश दिया गया। सुशील शर्मा एवं रीनू शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते रहेंगे, ताकि लोग सतर्क रहें और मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।
अभियान के अंत में ग्रामवासियों ने भी स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान कमलेश, राजकुमारी,बिमला आशा वर्कर व सुभाष,सुरेंद्र,दीपक,रोशनी,प्रमिला,सावित्री,नमिता,अंजू,निशा, गुड़िया ,रजनी आदि ग्रामीण मुख्य रूप से मौजूद रहे ।
