
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
सोनीपत, 13 अप्रैल। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, IPS, ADGP ने आज अपने कार्यालय राई में CIA-1 सोनीपत (क्राइम यूनिट वेस्ट सोनीपत) की अनुसंधान टीम को उनकी कुशल एवं प्रभावी तफ्तीश तथा विभिन्न मुकदमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अपराधों की गहन जांच और त्वरित कार्रवाई से न केवल अपराधियों पर अंकुश लगता है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त क्राइम नरेन्द्र कादयान भी मौजूद रहे। उन्होंने भी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि CIA-1 की टीम ने अपने पेशेवर दृष्टिकोण और मेहनत से कई महत्वपूर्ण मामलों को सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।
सोनीपत पुलिस द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है, जिससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक प्रभावी ढंग से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हैं।
